कोल्हान जंगल में हाथी ने पिता-पुत्र व पुत्री समेत चार को कुचल कर मार डाला

Jan 07, 2026 02:35 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, चक्रधरपुर
share Share
Follow Us on

पश्चिम सिंहभूम जिले के कोल्हान जंगल में एक दंतैल हाथी ने चार लोगों की जान ले ली। मृतकों में एक ही परिवार के तीन लोग शामिल हैं। हाथी ने पिछले एक माह में जिले में 14 लोगों की जान ली है। घायल मां-बेटी को राउरकेला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोल्हान जंगल में हाथी ने पिता-पुत्र व पुत्री समेत चार को कुचल कर मार डाला

मनोहरपुर, संवाददाता पश्चिम सिंहभूम जिले के कोल्हान जंगल में सोमवार रात झुंड से बिछड़े दंतैल हाथी ने चार लोगों की जान ले ली। वहीं, हाथी के हमले से मां-बेटी घायल हो गयीं, जिन्हें इलाज के लिए राउरकेला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में एक ही परिवार के तीन लोग हैं, जिनमें पिता, पुत्र व पुत्री शामिल हैं। हाथी ने पिछले पांच दिनों में दस लोगों की जान ले ली है, जिनमें छह लोग गोईलकेरा प्रखंड के हैं। बताया जाता है कि सोमवार शाम करीब छह बजे गोईलकेरा थाना क्षेत्र के सोवां गांव निवासी कुंदरा बहंदा (45 वर्ष) अपनी पत्नी पुंडी टोपनो, बेटा सामू बहंदा (4 वर्ष), बेटी कोदमा बहंदा (10 वर्ष), बेटी जिंग्गी बहंदा और एक दुधमुंहे बच्चे के साथ सोया था।

इस दौरान दंतैल हाथी ने हमला कर दिया। घर को क्षतिग्रस्त कर मौके पर कुंदरा बहंदा, सामू बहंदा और कोदमा बहंदा को कुचल कर मार डाला। वहीं, बेटी जिंग्गी बहंदा और पत्नी पुंडी टोपनो को घायल कर दिया। देर रात घायल मां-बेटी भेजे गये राउरकेला अस्पताल : इधर, घटना की सूचना मिलते ही रात में ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल जिंग्गी बहंदा और पत्नी सुने बहंदा को इलाज के लिए मनोहरपुर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने देर रात राउरकेला सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वन विभाग द्वारा मृतक की पत्नी को बीस हजार रुपये मुआवजा भी दिया गया है। ग्रामीणों ने गोईलकेरा से खदेड़ा तो टोंटो पहुंच एक को मार डाला : गोईलकेरा थाना क्षेत्र के सोवां गांव में तीन लोगों की जान लेने के बाद ग्रामीणों और वन विभाग ने जब दंतैल हाथी को जंगल में खदेड़ा तो वह रात करीब दस बजे टोंटो थाना क्षेत्र के कुईसुता गांव पहुंचा। वहां हाथी ने जगमोहन सवैयां (21 वर्ष) पिता प्रधान सवैयां को कुचल कर मार डाला। हाथी के हमले में एक माह में जिले में 14 लोगों की गयी जान : हाथी के हमले में पिछले एक माह में जिले में 14 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें गोईलकेरा प्रखंड के छह लोग शामिल है। इनके अलावा टोंटो, चाईबासा, मनोहरपुर और आनंदपुर प्रखंड में मरने वाले शामिल हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।