Chakradharpur News: एमएमडीआरए के विरोध में टोकलो हाट में नुक्कड़ नाटक
Chakradharpur News: चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के टोकलो क्षेत्र में शुक्रवार को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भाजपा सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम-2026 का विरोध किया गया। विधायक प्रतिनिधि पीरू हेम्ब्रम के नेतृत्व में ग्रामीणों को अधिनियम के प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। अभियान गांव-गांव चलाया जाएगा।

Chakradharpur News: चक्रधरपुर, संवाददाता चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के टोकलो क्षेत्र एवं टोकलो हाट में शुक्रवार को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से केंद्र की भाजपा सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम (एमएमडीआरए)-2026 का विरोध किया गया। नुक्कड़ नाटक के जरिए ग्रामीणों को अधिनियम के प्रावधानों और इसके संभावित प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन विधायक सुखराम उरांव के प्रतिनिधि पीरू हेम्ब्रम के नेतृत्व एवं निर्देशन में किया गया। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से बताया कि केंद्र सरकार कथित तौर पर कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए नीतियों में बदलाव कर रही है। साथ ही झारखंड की प्राकृतिक संपदा पर कब्जे के लिए संविधान एवं कानूनों में संशोधन किए जाने का आरोप लगाया गया।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि पीरू हेम्ब्रम ने कहा कि चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से एमएमडीआरए के विरोध में अभियान चलाया जाएगा। झामुमो कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को अधिनियम के बारे में जानकारी देने और जागरूक करने का काम करेंगे। मौके पर टोकलो क्षेत्र के बासुलाल गुंजा, बाबुल कुम्हार, संजीत बांकिरा, सुरेश केराई, बाबलु जोंको समेत झामुमो के सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद थे।


