राष्ट्रपति पहुंचीं रायरंगपुर, ट्रेनों को आज दिखाएं हरी झंडी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बादामपहाड़ रेलवे स्टेशन में तीन नई ट्रेनों के उद्घाटन करेंगी। इस उद्घाटन समारोह में राज्यपाल रघुवर दास, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, और केंद्रीय मंत्रियों की उपस्थिति होगी। इसके...

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को बादामपहाड़ रेलवे स्टेशन में सुबह 9 बजे तीन नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखा कर शुभारंभ करेंगी। इस उद्घाटन समारोह में सम्मानित अतिथि के तौर पर ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, केंद्रीय शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय राज्यमंत्री जनजातीय मामलों एवं जलशक्ति विश्वेश्वर टुडू शामिल होंगे। उद्घाटन समारोह के पश्चात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगी। नई ट्रेनों में ट्रेन संख्या 18049/18050 शालीमार बादामपहाड़ शालीमार साप्ताहिक एक्सप्रेस,18051/18052 बादामपहाड़ राउरकेला बादामपहाड़ सप्ताहिक एक्सप्रेस एवं 08147/08148 टाटानगर बादामपहाड़ टाटानगर मेमू है। इसके बाद राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बादामपहाड़ स्टेशन के पुनर्विकास एवं अन्य यात्री सुविधाओ का शिलान्याश करेंगी। इसके अलावा रायरंगपुर के नए डाक प्रमंडल एवं जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा विभिन्न परियोजनाओं का अनावरण भी करेंगी। राष्ट्रपति, राज्यपाल व केन्द्रीय मंत्रियों के दौरे को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा, चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम सहित तमाम वरीय अधिकारी बादामपहाड़ पहुंच गये है और राज्य सरकार के पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम को लेकर तैयारियों में जुटे हुये हैं।
