Chakradharpur News: विसर्जन मार्ग से हटेंगे अवरोध, नालियों की होगी सफाई
Chakradharpur News: चक्रधरपुर में दुर्गा पूजा की तैयारी के लिए प्रशासन ने बैठक की। अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूजा के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात, विधि-व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं पर चर्चा हुई। पूजा पंडालों के आस-पास सफाई और स्ट्रीट लाइट की मरम्मत पर विशेष जोर दिया गया।

Chakradharpur News: चक्रधरपुर, संवाददाता। दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। सोमवार को अनुमंडल सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी की अध्यक्षता में रेलवे क्षेत्र की दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें पूजा के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात, विधि-व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विसर्जन मार्ग से अवरोध हटाने, खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत व नालियों की सफाई पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने पूजा पंडालों के आसपास बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में पंडालों के आसपास जमा कचरे और नालियों की सफाई, जरूरत वाले स्थानों पर नालियों के ऊपर स्लैब लगाने, पेड़ों की खतरनाक टहनियों की छंटाई तथा पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने पर चर्चा हुई।
इन कार्यों को नगर परिषद और रेलवे के संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय से पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, अंचल अधिकारी सुरेश कुमार सिन्हा, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विजय कुमार हांसदा, रेलवे के अधिकारी, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष व सचिव समेत रेलवे क्षेत्र की विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए।


