Chakradharpur News: डायन का आरोप लगा वृद्धा से मारपीट में 4 आरोपी गिरफ्तार
Chakradharpur News: चक्रधरपुर के दलकी-02 गांव में 65 वर्षीय महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर चार लोगों ने उसे मारा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामला डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। सभी आरोपी बिना आपराधिक इतिहास के हैं।

Chakradharpur News: चक्रधरपुर, संवाददाता। सिमिदिरी पंचायत के दलकी-02 गांव में 65 वर्षीय महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 9 सितंबर को पीड़िता के फर्दबयान के आधार पर चक्रधरपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे डायन बताते हुए उसके साथ मारपीट की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के निर्देशन में थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई।
टीम ने दलकी-02 पहुंचकर सभी नामजद आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीमा मुंडारी उर्फ चिकनी मुंडारी, नंदलाल मुंडारी उर्फ नीलु मुंडारी, बाया मुंडारी उर्फ लुदू मुंडारी और राजू मुंडारी उर्फ मोटू मुंडारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि सीमा मुंडारी की तबीयत खराब होने के कारण गुस्से में पीड़िता पर जादू-टोना करने और डायन होने का आरोप लगाकर मारपीट की गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं है। सभी आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया। छापेमारी टीम में एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, थाना प्रभारी अवधेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक प्रिया लक्ष्मी टुडू, सहायक अवर निरीक्षक बिरबल चौबे, दिलीप कुमार आदि शामिल थे।


