Chakradharpur News: मनोहरपुर में लगा हेल्थ कैंप, 2 मलेरिया मरीज मिले
Chakradharpur News: मनोहरपुर प्रखंड के शांको टोला में अज्ञात बीमारी से दो महिलाओं की मौत के बाद, बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा विशेष हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। डॉ. विद्युत प्रभा की अगुवाई में स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें 98 ग्रामीणों में से दो मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है।

Chakradharpur News: मनोहरपुर, संवाददाता। मनोहरपुर प्रखंड स्थित सारंडा अंतर्गत लाईलोर पंचायत के शांको टोला में अज्ञात बीमारी से दो महिलाओं की मौत के बाद बुधवार को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा गांव में एक विशेष हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। डॉ. विद्युत प्रभा की अगुवाई में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर के दौरान गांव के महिला, पुरुष और बच्चों समेत कुल 98 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान दो ग्रामीण मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। स्वास्थ्य टीम ने दोनों मरीजों को विशेष निगरानी में रखते हुए आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई और उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है। गौरतलब है कि शांको टोला में बीते शुक्रवार और रविवार को देवरानी और जेठानी की अज्ञात बीमारी की वजह से मौत हो गई थी।
इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में दहशत का माहौल था। मौतों की सूचना मिलने के बाद से ही स्वास्थ्य विभाग क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए गांव में लगातार जांच अभियान चला रहा है। मौके पर सीएचसो सुजीत कुमार, सरस्वती महंता, राकेश पूर्ति, एएनएम सरला कुमारी,दलजीत महतो, एमपीडब्ल्यू विजय महतो, रामचंद्र मुदी, प्रवीण महतो, रौनक़ तिवारी समेत स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।

