सोनुवा में विधायक ने जनचौपाल लगाकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
सोमवार को मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी ने सोनुवा प्रखंड के दुर्गम गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्याओं का समाधान जल्दी किया जाए, जैसे चापाकलों की मरम्मत और संपर्क सड़कों का निर्माण।

सोनुवा, संवाददाता। मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी की सक्रियता सोमवार को सोनुवा प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में देखने को मिली। उन्होंने लोंजो पंचायत के दुर्गम गांवों कुदाबुरू, निलाइगोट और पोड़ाहाट पंचायत के झींगामारचा का दौरा किया। विधायक ने जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिया। विधायक के पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया साथ ही अपनी बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर अपनी व्यथा भी रखी। ग्रामीणों ने गर्मी के मौसम की आहट के साथ ही चापाकलों की मरम्मत और नए जल स्रोतों की आवश्यकता जताई। साथ ही मुख्य सड़क से गांवों को जोड़ने वाली संपर्क सड़कों की जर्जर हालत पर चर्चा की।
विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों के कारण बच्चों के भविष्य पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर ग्रामीण चिंतित दिखे। आंगनबाड़ी केंद्रों के अपने भवन न होने और बिजली की अनियमित आपूर्ति जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। विधायक जगत माझी ने न केवल समस्याएं सुनीं, बल्कि प्रशासनिक तत्परता दिखाते हुए मौके से ही संबंधित विभागों के वरीय अधिकारियों को फोन लगाया। कहा-ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान फाइलों में नहीं, बल्कि धरातल पर होना चाहिए। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे इन गांवों का सर्वे करें और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल के खराब पड़े चापाकलों को दुरुस्त किया जाए और सड़क निर्माण का प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर तैयार किया जाए। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों की निगरानी वे स्वयं करेंगे और समय-समय पर फीडबैक लेने गांव आते रहेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जागरूक बनें और सरकार द्वारा चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। बैठक में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, पोड़ाहाट के मुखिया जोसेफ मुर्मू, सोनाराम हेम्ब्रम, नव किशोर माझी, मोहन लाल बेसरा, राम माझी, धीराय माझी, हरे कृष्ण बांदिया, मोहन लाल केराई, विजय कुमार हांसदा, सोहन टुडू, अमीन माझी समेत झामुमो के कई स्थानीय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


