ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड चक्रधरपुरमिसिर बेसरा के दस्ते से मुठभेड़, दो नक्सली ढेर

मिसिर बेसरा के दस्ते से मुठभेड़, दो नक्सली ढेर

कोल्हान के जंगल में बुधवार सुबह सात बजे हुई मुठभेड़ में एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा दस्ते के दो नक्सली ढेर हो गये। वहीं, झारखंड जगुआर-7 का जवान कमलेश लैंडमाइंस विस्फोट में गंभीर रूप से घायल...

मिसिर बेसरा के दस्ते से मुठभेड़, दो नक्सली ढेर
हिन्दुस्तान टीम,चक्रधरपुरThu, 10 May 2018 01:28 AM
ऐप पर पढ़ें

कोल्हान के जंगल में बुधवार सुबह सात बजे हुई मुठभेड़ में एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा दस्ते के दो नक्सली ढेर हो गये। वहीं, झारखंड जगुआर-7 का जवान कमलेश लैंडमाइंस विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल हेलीकॉप्टर से रांची ले जाया गया। हालांकि, नक्सलियों के मारे जाने की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सैकड़ों राउंड चली गोलियां : कोल्हान जंगल के गोईलकेरा व टोंटो थाना क्षेत्र के सीमावर्ती तेलीबेड़ा-ओटा गांव के पास पहाड़ी पर हुई मुठभेड़ में दोनों तरफ से सैकड़ों राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ में दो नक्सलियों के मारे जाने के साथ-साथ कई के घायल होने की भी खबर है।

पहाडि़यों पर कैंप चलने की थी सूचना : पुलिस को सूचना थी कि नक्सलियों का गोईलकेरा और टोंटो थाना क्षेत्र के तेलीबेड़ा व ओटा गांव की पहाडि़यों पर कैंप चल रहे हैं। इसके बाद मंगलवार को सीआरपीएफ, कोबरा और झारखंड जगुवार की करीब दस कंपनियों के जवानों ने इलाकों में एलआरपी शुरू की। बुधवार सुबह पांच बजे जवानों ने इलाकों में दस्तक दे दी।

जवानों ने दागे मोर्टार : सुबह सात बजे जवान इलाकों में एलआरपी कर रहे थे कि नक्सलियों ने पहाड़ से फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से करीब सैकड़ों राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान जवानों ने मोर्टार भी दागे। जिसमें दो नक्सलियों के मारे जाने व कई के घायल होने की बात कही जा रही है। वहीं, कोबरा बटालियन के एक जवान को भी गोली लगी है।

ड्रोन से थी नजर : सूत्रों की मानें तो नक्सलियों के कैंप की सूचना मिलने के बाद से जवानों ने ड्रोन कैमरे से रेकी कर रखी थी। यही वजह है कि बड़ी संख्या में जवानों ने अलग-अलग इलाकों से अभियान शुरू किया था।

लैंडमाइंस लगी थी : नक्सलियों ने जिस पहाड़ी पर कैंप कर रखा था, उस इलाके में सभी रास्तों पर लैंडमाइंस बिछा रखी थी। लेकिन, जवानों ने अभियान में एंटी लैंडमाइंस दस्ते को रखा था, इससे नक्सलियों की योजना फेल हो गई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें