
पोडाहाट अनुमंडल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया करमा पर्व
चक्रधरपुर में करमा पर्व धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की और कुंवारी कन्याओं ने उपवास रखा। करम डाली की पूजा विभिन्न गांवों में की गई, जिसमें विधायक सुखराम उरांव भी शामिल...
चक्रधरपुर, संवाददाता पोड़ाहाट अनुमंडल के चक्रधरपुर, सोनुवा, गोईलकेरा, मनोहरपुर, बंदगांव तथा आनंदपुर प्रखंडों में हर्षोल्लास के साथ बुधवार को करमा पर्व मनाया गया। जहां बहनों ने अपने भाईयों की लंबी आयु के साथ सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। कुंवारी कन्याओं ने उपवास रखा। करम डाली को अखाड़ा स्थल पर स्थापित कर फल-फूल, जौ, धान और बालू के साथ पूजा की। चक्रधरपुर के बनमालीपुर, मंडलसाई, ईटोर, सेताहाका, राखा, आसनलिया, जारकी, कुंभा टोली, टोंकाटोला, सिमिदिरी समेत पोटका पंप रोड में भी करमा की धूम रही। जबकि सोनुवा प्रखंड के वैधमारा गांव में भी हर्षोल्लास के साथ करमा पर्व मनाया गया। बुधवार को बनमालीपुर में विधायक सुखराम उरांव के पुत्र सोनु उरांव आदि ने करम डाली को काटकर तालाब तक लाए।

वहां पर मौजूद महिलाओं ने विधिवत करम डाली की पूजा-अर्चना की। उसके बाद ढोल एवं मादर की थाप पर करमा गीत गाती हुई महिलाएं पूजा पंडाल तक पहुंची। इस दौरान जगह-जगह पर महिलाओं ने करमा डाली का पूजा किया। गुरुवार को विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात करम डाली व जाउआ का विसर्जन किया जाएगा। वहीं शाम में बनमालीपुर गांव में बनाए गए करमा पूजा पंडाल में करमा डाली के समक्ष महिलाओं की उपस्थिति में विधायक सुखराम उरांव व नवमी उरांव ने विधिवत पूजा-अर्चना की। इसी तरह पोटका पंप रोड में भी युवक-युवतियां मांदर की थाप पर थिरकते रहे। यहां भी विधिवत पूजा-अर्चना की गई। चक्रधरपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों में करमा पर्व धूमधाम एवं शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। इधर शाम को करम डाली लाने के लिए श्रद्धालु शहर के आसनतलिया संजय नदी किनारे पहुंचे। करम डाली लाने के दौरान युवक-युवतियां मांदर की थाप पर थिरकते नजर आए। रातभर पूजा- अर्चना के बाद गुरुवार को करम डाली का विसर्जन किया जाएगा। उरांव एवं महतो बहुल इलाकों में बड़े धूमधाम के साथ करमा पर्व मनाया जाता है। विसर्जन के बाद श्रद्धालु पारना करेंगे उसके बाद करमा उत्सव संपन्न होगा। मौके पर रामदास उरांव, कैलाश बाडा, संयोग लकड़ा, मानसा कच्छप, इंद्रजीत कुजूर, संचु लकड़ा, माधव तिर्की, प्रदीप कच्छप, राजा टोप्पो, राजा कच्छप आदि समाज लोग मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




