गोईलकेरा उप डाकघर के आरडी खाते में गड़बड़ी का आरोप, ग्राहकों ने किया हंगामा

गोईलकेरा उप डाकघर के आरडी खाते में गड़बड़ी का आरोप, ग्राहकों ने किया हंगामा

संक्षेप:

गोईलकेरा के उप डाकघर में ग्राहकों ने आरडी खातों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उन्होंने एजेंट पर कलेक्शन के बावजूद राशि जमा न करने का आरोप लगाया। पोस्टमास्टर ने स्थिति स्पष्ट की कि राशि शेड्यूल के अनुसार जमा होती है। थाना प्रभारी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Nov 09, 2025 01:51 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, चक्रधरपुर
share

गोईलकेरा, संवाददाता। गोईलकेरा स्थित उप डाकघर के आरडी खातों में ग्राहकों ने गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। ग्राहकों ने एजेंट पर प्रतिदिन कलेक्शन के बावजूद खातों में राशि जमा नहीं करने का आरोप लगाया है। ग्राहकों ने इसको लेकर शनिवार को उप डाकघर के डाकपाल विमल कुमार से मामले की शिकायत की और खातों में राशि जमा नहीं करने पर आक्रोश जताया। ग्राहकों का कहना है कि आरडी एजेंट चंद्रा देवी के पति रासबिहारी दास ने उनसे आरडी खातों में जमा के लिए प्रतिदिन के हिसाब से कलेक्शन किया, लेकिन राशि खातों में जमा नहीं की है। कुछ ग्राहकों ने दो महीने तो कुछ ने एक महीने के लिए कलेक्शन की गई राशि जमा नहीं करने का आरोप लगाया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

यह राशि लाखों में बताई जा रही है। वहीं पिछले 15 दिनों से एजेंट के पति उप डाकघर में नहीं आ रहे। साथ ही प्रतिदिन कलेक्शन का काम भी नहीं किया जा रहा। इससे ग्राहकों की चिंताएं और बढ़ गई है। शनिवार को चंद्रा देवी के उप डाकघर पहुंचने पर ग्राहकों ने पैसे जमा नहीं करने के बावत उनसे पूछताछ की। चंद्रा देवी ने बताया कि उनके पति पैसा कलेक्शन करते हैं, कितने ग्राहकों के खातों में गड़बड़ी हुई है इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है। बाद में लोगों ने रासबिहारी दास को उनके बारी स्थित घर पर जाकर उन्हें पोस्ट ऑफिस लाया। साथ ही पुलिस को भी मामले की जानकारी दी। थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा भी उप डाकघर पहुंचे और पोस्टमास्टर एवं ग्राहकों से इसकी जानकारी ली। सोमवार को उप डाकघर में ग्राहकों को उनका हिसाब देकर पैसे जमा करने का अल्टीमेटम दिया गया है। कलेक्शन के बावजूद राशि जमा नहीं हुई : ग्राहकों में दीपक गुप्ता, प्रियेश, रोहित, सागर चौरसिया समेत दर्जनों ग्राहकों ने बताया कि एजेंट के पति द्वारा अक्तूबर महीने तक आरडी की राशि के लिए प्रतिदिन कलेक्शन किया गया। लेकिन उनके खातों में यह राशि जमा नहीं हुई। दो से तीन महीनों तक कलेक्शन की गई राशि का एजेंट हिसाब नहीं दे रहा। आरडी खातों में शेड्यूल से जमा होती है राशि : पोस्टमास्टर पोस्टमास्टर विमल कुमार ने बताया कि एजेंट द्वारा आरडी खातों के लिए बाजार में घूमकर प्रतिदिन कलेक्शन किया जाता है। लेकिन यह राशि शेड्यूल में महीने में पोस्ट ऑफिस में जमा होता है। जिन ग्राहकों का शेड्यूल में राशि प्राप्त हुआ है उसे जमा कर दिया गया है। लेकिन अधिकांश ग्राहक दो से तीन महीने की राशि एजेंट को देने के बावजूद जमा नहीं होने की शिकायत कर रहे हैं। एजेंट भी 15 से 20 दिनों से पोस्ट ऑफिस नहीं आ रहा है। प्राथमिकी दर्ज कर की जाएगी कार्रवाई : थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा ने कहा कि सभी ग्राहकों को अपने पासबुक में एंट्री कराने और गड़बड़ी की गई राशि का विवरण देने को कहा गया है। इसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी एजेंट के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सोमवार तक एजेंट को भी ग्राहकों से कलेक्शन की गई राशि का हिसाब देने को कहा गया है।