Chakradharpur News: राष्ट्रीय खेल दिवस पर वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन, सीआरपीएफ की टीम बनी विजेता
Chakradharpur News: गोईलकेरा में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत सीआरपीएफ की डी193 और कोबरा की ए206 बटालियन ने वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में चार स्थानीय टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में सीआरपीएफ की टीम विजेता बनी। आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और खेल भावना को बढ़ावा देना था।

Chakradharpur News: गोईलकेरा। राष्ट्रव्यापी अभियान ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में कमांडेंट ओमजी शुक्ला के निर्देशन में सीआरपीएफ की डी193 और कोबरा की ए 206 बटालियन द्वारा गोईलकेरा में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम के अंतर्गत सीआरपीएफ कैंप में इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में डी193 बटालियन, कोबरा की ए206 बटालियन के साथ चार स्थानीय टीमों ने भी हिस्सा लिया। इनमें गोइलकेरा, सोनुआ, डालैकेला और कुला गांवों की टीमें शामिल थीं।
प्रतियोगिता का फाइनल
प्रतियोगिता का फाइनल मैच सीआरपीएफ और डालैकेला की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें सीआरपीएफ की टीम विजेता और डालैकेला की टीम उप विजेता रही। आयोजन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, खेल भावना और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना था। फाइनल मैच के बाद कोबरा 206 बटालियन के सहायक कमांडेंट हरि ओम और सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर नगाहान्युई द्वारा टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर सीआरपीएफ के निरीक्षक नगा हान्युई ने कहा कि सीआरपीएफ हमेशा स्थानीय लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन किए जाते रहेंगे। वहीं सहायक कमांडेंट हरि ओम ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को मंच मिलता है और आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती है।


