अंबेडकर आवास योजना में गड़बड़ी, जांच में खुली पोल

Feb 05, 2026 10:58 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, चक्रधरपुर
share Share
Follow Us on

आनंदपुर प्रखंड के हारता पंचायत में अंबेडकर आवास योजना को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बीडीओ नाजिया अफरोज ने लाभुकों की शिकायतों की जांच की, जिसमें आरोप लगाया गया कि मुखिया पति ने आवास निर्माण में लापरवाही की है। लाभुकों ने अधूरे आवास को पूरा करने की मांग की है।

अंबेडकर आवास योजना में गड़बड़ी, जांच में खुली पोल

आनंदपुर, संवाददाता। आनंदपुर प्रखंड के हारता पंचायत में अंबेडकर आवास योजना एक बार फिर विवादों में है। गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी नाजिया अफरोज ने कुदाहंसदा गांव की महिला लाभुक टुरू पाइक एवं कड़ेदा गांव की ग्रेस भुइया के अधूरे आवास की स्थल जांच की। जांच के दौरान लाभुकों द्वारा की गई शिकायतों को बीडीओ ने प्रथम दृष्टया सही पाया। जांच के समय योजना स्थल पर मौजूद लाभुक टुरू पाइक ने मुखिया जंबी कच्छप की उपस्थिति में मुखिया पति निखेल उरांव पर गंभीर आरोप लगाए। लाभुक ने बताया कि आवास निर्माण का कार्य मुखिया पति द्वारा कराया जा रहा था, लेकिन करीब दो वर्षों से मकान अधूरा पड़ा हुआ है।

आरोप है कि निखेल उरांव ने लाभुक का फिनो बैंक का एटीएम अपने पास रख लिया और मजदूरी भुगतान के नाम पर केवल आंशिक राशि दी, जबकि शेष रकम एटीएम से निकालकर हड़प ली गई। लाभुक ने बीडीओ के समक्ष अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि वह फिलहाल मिट्टी के जर्जर मकान में रहने को मजबूर हैं, जो कभी भी गिर सकता है। उन्होंने अधूरे आवास को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की। सरकारी योजनाओं में कथित अनियमितता का यह मामला सामने आने के बाद पंचायत स्तर पर जवाबदेही और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच के दौरान मौके पर आवास को-ऑर्डिनेटर मुरली महतो, बीपीआरओ नीरज कुमार, नाजिर चमन गोप एवं पंचायत सचिव गलेडसन लुगुन उपस्थित थे। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी नाजिया अफरोज ने बताया कि जांच में लाभुकों की शिकायतें सही पाई गई हैं। अंबेडकर आवास योजना गरीबों के लिए है, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुखिया पति को दस दिनों के भीतर आवास निर्माण कार्य पूर्ण कराने का सख्त निर्देश दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी कि तय समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।