Hindi NewsJharkhand NewsChakradharpur NewsCobra Forces Eliminate Notorious Naxalite Amit Hansda in Jharkhand Encounter
कोल्हान जंगल में मुठभेड़, दस लाख का इनामी नक्सली अपटन ढेर

कोल्हान जंगल में मुठभेड़, दस लाख का इनामी नक्सली अपटन ढेर

संक्षेप:

प. सिंहभूम के कोल्हान में कोबरा जवानों ने एक मुठभेड़ में दस लाख के इनामी नक्सली अमित हांसदा उर्फ अपटन को मार गिराया। यह मुठभेड़ गोईलकरा थाना क्षेत्र के पंचलताबुरु जंगल में हुई थी। अमित हांसदा पर 96...

Mon, 8 Sep 2025 05:26 AMNewswrap हिन्दुस्तान, चक्रधरपुर
share Share
Follow Us on

चक्रधरपुर, संवाददाता प. सिंहभूम के कोल्हान में जंगल में रविवार तड़के हुई मुठभेड़ में कोबरा जवानों ने दस लाख के इनामी नक्सली अमित हांसदा उर्फ अपटन को ढेर कर दिया। मुठभेड़ गोईलकरा थाना क्षेत्र के रेला पराल गांव के पास पंचलताबुरु जंगल में तब हुई, जब जवान सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। घटनास्थल से एसएलआर राइफल, कारतूस समेत अन्य सामान मिले हैं। अमित हांसदा सब जोनल कमेटी का सदस्य था। वह मनोहरपुर के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर जानलेवा हमला समेत एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों व पुलिसकर्मियों की हत्या और हथियार लूटकांड में शामिल था। एसपी राकेश रंजन ने बताया कि शनिवार को सूचना थी कि कई नक्सली नेता कोल्हान जंगल में जुटे हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मोछू, अश्विन, रवि सरदार, जयकांत, अपटन, सनत, अमित मुंडा, भुवनेश्वर उर्फ सालुका अपने दस्ते के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले हैं। इसके बाद एएसपी (ऑपरेशन) पारस राणा एवं कोबरा 209 के सहायक कमांडेंट दीपक कुमार के नेतृत्व में जवानों ने तड़के करीब 5.45 बजे पंचलताबुरु जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ हो गयी और जवाबी कार्रवाई में अमित हांसदा मारा गया। वहीं, उसके बाकी के साथी घिरता देख भाग निकले। सर्च ऑपरेशन में बरामद हुआ शव : नक्सलियों के भागने के बाद सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल से शव, एक एसएलआर, कारतूस और अन्य सामान बरामद हुए। शव की शिनाख्त सब जोनल कमेटी सदस्य अमित हांसदा उर्फ अपटन उर्फ चंद्रमोहन हांसदा (सीपीआई माओवादी) के रूप में हुई। वह बोकारो जिला के चतोरचट्टी थाना क्षेत्र के ढो़ड़ी गांव के गुड्डू हांसदा का पुत्र था। अपटन वर्ष 2008 से 2025 तक सारंडा, कोल्हान और पोड़ाहाट जंगल में सक्रिय था और कई बड़ी हिंसात्मक वारदातों में रहा था। प. सिंहभूम व सरायकेला जिले में अपटन पर दर्ज थे 96 मामले : नक्सली अमित हांसदा उर्फ अपटन पर प. सिंहभूम जिले के गोईलकेरा, गुवा, जराईकेला, सदर, जेटेया, टोंटो, टोकलो, मुफ्फसिल, छोटानागरा, मनोहरपुर समेत विभिन्न थानों में 83 मामले दर्ज थे। जिसमें पुलिसकर्मी, सीआरपीएफ और कोबरा जवान और अधिकारी समेत ग्रामीणों की हत्या, आईईडी विस्फोट, विस्फोटक लूट, मुठभेड़ समेत कई मामले दर्ज हैं। वहीं, सरायकेला-खरसवां जिले में 13 मामले दर्ज हैं, जिसमें खरसावां और कुचाई थाने में मामले दर्ज हैं। आईईडी विस्फोट, हत्या समेत कई जघन्य हिंसात्मक वारदातों में शामिल था।