Chakradharpur News: सफाई कर्मचारियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
Chakradharpur News: बंदगांव प्रखंड की नकटी और कराईकेला पंचायतों में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बीडीओ भीषम कुमार ने जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों और ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। मुखिया और विधायक प्रतिनिधि के साथ पौधे लगाए गए। दोनों पंचायतों की सफाईकर्मियों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और पंचायतों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया।

नकटी और कराईकेला पंचायतों में स्वच्छता अभियान
Chakradharpur News:
बंदगांव, संवाददाता। बंदगांव प्रखंड की नकटी एवं कराईकेला पंचायत में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, पौधरोपण एवं विशेष अभियान के तहत स्वच्छता शपथ, साफ-सफाई और पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी भीषम कुमार उपस्थित रहे। इस दौरान बीडीओ भीषम कुमार ने जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों एवं ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद नकटी पंचायत के मुखिया सह विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई एवं कराईकेला पंचायत की मुखिया गीता बानरा के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई ने कहा कि पंचायत भवन हमारे घर की तरह है। जिस प्रकार हम अपने घर को साफ-सुथरा रखते हैं, उसी प्रकार पंचायत भवन को भी हमेशा स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखना चाहिए। साथ ही पंचायत के सभी गांवों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों और ग्रामीणों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने स्वच्छता अभियान में सफाईकर्मियों की भूमिका की सराहना करते हुए नकटी पंचायत की सफाईकर्मी जयंती नायक को साड़ी देकर सम्मानित किया। बीडीओ भीषम कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। पंचायतों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों एवं ग्रामीणों को सामूहिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए। वहीं, बीडीओ भीषम कुमार ने कराईकेला पंचायत की सफाईकर्मी कालिंदी महिला को वस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, पंचायतों के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्रखंड समन्वयक जगन्नाथ मुंडा, पंचायत सचिव उमाकांत महतो, हृषिकेश नायक, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, स्वास्थ्यकर्मी, जलसहिया, महिला मेट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


