चक्रधरपुर मंडल के बंडामुंडा में मालगाड़ी की दो बोगी बेपटरी
चक्रधरपुर रेल मंडल के बंडामुंडा के पास हावड़ा-मुंबई मार्ग पर मालगाड़ी की दो बोगी बेपटरी हो गई। यह घटना शनिवार सुबह 7.40 बजे हुई, जिससे ज्वाइंट लाइन पर ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया। अधिकारियों ने चार घंटे में बोगी को पटरी पर लाने का काम पूरा किया। मानवाधिकार कार्यकर्ता ने दुर्घटनाओं की शिकायत की है।

चक्रधरपुर, संवाददाता। चक्रधरपुर रेल मंडल के बंडामुंडा के केबिन के पास हावड़ा-मुंबई मुख्य मार्ग पर अप लाइन को जोड़ने वाली ज्वाइंट लाइन में शनिवार सुबह करीब 7.40 बजे मालगाड़ी की दो बोगी बेपटरी हो गई। दुर्घटना के बाद ज्वाइंट लाइन पर ट्रेनों का परिचालन ठप हुआ। हालांकि इसका असर यात्री ट्रेनों के परिचालन पर नहीं पड़़ा। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 7.40 बजे बंडामुंडा से एक्सचेंज यार्ड से मालगाड़ी झारसुगुड़ा एमसीएल कोल लोडिंग के लिए राउरकेला होते हुए जा रही थी। इसी दौरान किलो मीटर संख्या 408/11 ई पर केबिन के पास मालागड़ी का प्रेसर हैंगिंग सिस्टम गिर गया। इससे सौ मीटर तक ट्रेन घसीटते हुये आगे बढ़ी और दो बोगी बेपटरी हो गई।
हादसे की सूचना पर बंडामुंडा एआरएम कार्यालय सहित चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय में हड़कंप मच गया।बंडामुंडा एआरएम और चीफ डीटीआई सहित कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और बोगी को पटरी पर लाने का कार्य शुरू किया गया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 11.40 बजे बेपटरी हुई मालगाड़ी के बोगी को पटरी पर लाया गया। वहीं करीब डेढ़ बजे ज्वाइंट लाइन को दुरुस्त कर परिचालन शुरू कर दिया गया। इस कारण यार्ड से मालगाड़ी के मेन लाइन पर लाने का कार्य प्रभावित हुआ। चक्रधरपुर के मानवाधिकार कार्यकर्ता बैरम खान ने चक्रधरपुर रेल मंडल में बार-बार हो रहे ट्रेन दुर्घटना को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


