Chakradharpur News: अनुमंडल अस्पताल का होगा रंग-रोगन, बनेगा तीमारदारों के लिए शेड
Chakradharpur News: चक्रधरपुर के अनुमंडल अस्पताल में रंग-रोगन और सुविधाओं के विस्तार की योजना बनाई गई है। विधायक सुखराम उरांव की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए, जिसमें नए शेड, उपकरण, और स्टाफ की नियुक्ति शामिल है। ये कदम मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए उठाए जा रहे हैं।

Chakradharpur News: चक्रधरपुर, संवाददाता अनुमंडल अस्पताल का न सिर्फ रंग-रोगन होगा, बल्कि वहां की सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। अब तीमारदरों के लिए भी शेड बनाये जाएंगे। यह निर्णय शुक्रवार को चक्रधरपुर में विधायक सुखराम उरांव की अध्यक्षता में हुई अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में प्रखंड प्रमुख ज्योति सिजुई, बीडीओ कांचन मुखर्जी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अंशुमान शर्मा सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री रख-रखाव योजना की राशि के उपयोग तथा अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में अस्पताल भवनों के रंग-रोगन, पुराने भवन की जर्जर ग्रिल, दरवाजे एवं खिड़कियों के नवीनीकरण, न्यू एक्सटेंशन बिल्डिंग के सामने लगभग 100 फीट लंबे वाहन पड़ाव स्थल के निर्माण तथा मुख्य द्वार के समीप जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए पेवर ब्लॉक या स्टोन डस्ट बिछाकर रास्ता बनाने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा बायो-मेडिकल कचरा कक्ष के रंग-रोगन, अस्पताल परिसर में नए दिशा-सूचक साइन बोर्ड लगाने और इमरजेंसी एग्जिट ग्रिल बदलने के प्रस्ताव भी स्वीकृत हुए। समिति ने मातृत्व एवं शिशु देखभाल इकाई में मरीजों के परिजनों के लिए लगभग 100×50 फीट का विश्राम गृह (शेड) बनाने, प्रसव गृह के ऊपर वेयरहाउस शेड निर्माण, न्यू एक्सटेंशन बिल्डिंग में पर्दे लगाने, दीदी कैफे के लिए भवन निर्माण, कुपोषण उपचार केंद्र में नए कपबोर्ड तथा 40 मच्छरदानियों की खरीद की भी मंजूरी दी। बैठक में अस्पताल में बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए एक लैब टेक्नीशियन की नियुक्ति का प्रस्ताव भी पारित किया गया। साथ ही प्रसव गृह में नए पर्दे लगाने, मरीजों की सुविधा के लिए एंबुलेंस सेवा को सुदृढ़ करने, नए एंबुलेंस एवं चालक चयन, रेफरल हेल्प डेस्क की स्थापना तथा एंबुलेंस संचालन के लिए दर और भुगतान व्यवस्था तय करने पर सहमति बनी। इसके अलावा आयुष्मान भारत मिशन से जुड़े कर्मियों के मानदेय एवं वेतन वृद्धि, शेयर एंड स्कैन कार्य से जुड़े लंबित भुगतान, पोस्टमार्टम गृह में शीत बक्से के रख-रखाव के लिए कर्मी की नियुक्ति, अस्पताल की सुरक्षा के लिए दो रात्रि प्रहरियों की बहाली तथा बिजली, पानी, नाली, लाइट और साफ-सफाई से संबंधित मरम्मत कार्यों के नियमित संचालन एवं भुगतान की भी स्वीकृति दी गई। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से अनुमंडल अस्पताल की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा मरीजों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। बैठक में मुख्य रुप से चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नंदू होनहागा, डॉ जेजे मुंडू, समाजसेवी केशव मिश्रा, बड़ा बाबू पवन कुमार, प्रखंड लेखापाल प्रबंधक देव कुमार पाल आदि मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


