Chakradharpur News: लौजोड़ा कला में दुर्गापूजा पर डांस प्रतियोगिता
Chakradharpur News: चक्रधरपुर के लौजोड़ा कला में श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करेगी। सप्तमी, 17 अक्टूबर को स्थानीय कलाकारों के लिए नृत्य प्रतियोगिता होगी, जिसमें नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। 18 अक्टूबर को बूगी-वूगी और चपोल-चपोल डांस होंगे। 19 अक्टूबर को नागपुरी, हो, मुंडा, उरांव और संताल कलाकार गीत-संगीत व नृत्य प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं और लोक संस्कृति को बढ़ावा देना है।

Chakradharpur News: चक्रधरपुर, संवाददाता। गोपीनाथपुर पंचायत अंतर्गत लौजोड़ा कला में श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से इस वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समिति अपनी 54वीं वर्षगांठ के अवसर पर गोल्डन जुबली समारोह मना रही है। इसे लेकर बुधवार शाम चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय के समीप बिरसा मुंडा की प्रतिमा के पास प्रेस वार्ता आयोजित की गयी। इसमें समिति के संरक्षक रामलाल मुंडा ने कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा की सप्तमी, 17 अक्तूबर को स्थानीय कलाकारों के लिए डांस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से क्षेत्र के कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 7100 रुपये, तृतीय पुरस्कार 5000 रुपये और चतुर्थ पुरस्कार 3000 रुपये दिए जाएंगे। वहीं, सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में हाथ घड़ी देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक कलाकार 16 अक्तूबर तक अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। प्रतिभागियों की सूची 17 अक्तूबर को सार्वजनिक की जाएगी।नागपुरी, हो, मुंडा, उरांव व संताल कलाकार देंगे प्रस्तुति : राम लाल मुंडा ने कहा कि समिति की ओर से 18 अक्तूबर को बूगी-वूगी डांस एवं चपोल-चपोल डांस का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, 19 अक्तूबर को रांची से आने वाले नागपुरी, हो, मुंडा, उरांव और संताल समाज के कलाकार गीत-संगीत एवं नृत्य के माध्यम से अपनी कला और संस्कृति की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में सुपर स्टार नागपुरी महिला गायिकाओं और नागपुरी डांस कलाकारों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अलावा मिस्टर सुपरहिट सिंगर किस्नु मुंडा एंड ग्रुप भी अपनी प्रस्तुति देंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने के साथ क्षेत्र की समृद्ध लोक कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। मौके पर समिति के अध्यक्ष हाथीराम मुंडा, उपाध्यक्ष हराधन मुंडा, सचिव अर्जुन मुंडा और सह सचिव अनिल मुंडा, सलाहकार संतोष मुंडा समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।


