Chakradharpur News: चक्रधरपुर में 62 लाख से बनेगी 1.1 किलोमीटर सड़क, विधायक सुखराम उरांव ने किया शिलान्यास
Chakradharpur News: चक्रधरपुर में जर्जर सड़कों के सुधार के लिए नगर परिषद ने करीब 1.1 किलोमीटर सड़क का निर्माण शुरू कराया है। विधायक सुखराम उरांव ने पवन चौक से ओड़िया स्कूल, गणेश मंदिर और थाना मोड़ तक बनने वाली सड़क का शिलान्यास किया। तीन चरणों में बनने वाली इस सड़क पर लगभग 62 लाख रुपये खर्च होंगे। इससे दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन के दौरान आवागमन आसान होने की उम्मीद है।
Chakradharpur News: चक्रधरपुर। चक्रधरपुर शहर की जर्जर सड़कों के निर्माण की दिशा में पहल शुरू हो गई है। मंगलवार को विधायक सुखराम उरांव ने पवन चौक से ओड़िया स्कूल, ओड़िया स्कूल से गणेश मंदिर और गणेश मंदिर से थाना मोड़ तक कालीकरण सड़क निर्माण कार्य का पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। नगर परिषद की ओर से करीब 1.1 किलोमीटर सड़क का निर्माण तीन चरणों में कराया जाएगा। इस पर लगभग 62 लाख रुपये खर्च होंगे।सड़क की जर्जर स्थिति के कारण दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं और पूजा समितियों को आवागमन में परेशानी होती थी। इसे देखते हुए नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने दुर्गा पूजा से पहले सड़क निर्माण कराने की घोषणा की थी।
अब निर्माण कार्य शुरू होने से विसर्जन जुलूस के दौरान आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।नगर परिषद के अनुसार, सड़क निर्माण का उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों पर आवागमन सुगम बनाना है। शिलान्यास कार्यक्रम में नगर परिषद उपाध्यक्ष विजय कुमार साव, वार्ड पार्षद राजू प्रसाद कसेरा, सपन मिस्त्री, शाहिन तबस्सुम, संजय पासवान, कार्यपालक पदाधिकारी विजय कुमार हांसदा, अशोक सारंगी, शेषनारायण लाल, कुमार विवेक, बप्पी दत्ता, राहुल साव और राकेश रंजन समेत अन्य लोग उपस्थित थे।


