Chakradharpur News: जन्माष्टमी की तैयारी पूरी, आज आधी रात में जन्म लेंगे लड्डू गोपाल
Chakradharpur News: चक्रधरपुर शहर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के विभिन्न मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। शुक्रवार की रात 12 ब

Chakradharpur News: चक्रधरपुर, संवाददाता। शहर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। शहर के विभिन्न मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। शुक्रवार की रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। शहर के पोर्टरखोली, रेलवे स्टेशन के समीप स्थित गौर निताई मंदिर, संतोषी मंदिर, टोकलो रोड शिव मंदिर, पंचमोड़ स्थित राधा गोविंद मंदिर, बाटा रोड स्थित हनुमान मंदिर, सोनुवा बस स्टैंड हनुमान मंदिर तथा पुरानी रांची रोड स्थित तुलसी मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया है। मंदिरों में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। वहीं भगवान लड्डू गोपाल की पालकी को भी विशेष रूप से सजाया गया है。
जन्माष्टमी मेले में उमड़ेगी भीड़
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर चक्रधरपुर रेलवे क्षेत्र के पोर्टरखोली में शनिवार से भव्य मेला शुरू होगा। मेले को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मेला परिसर में मौत का कुआं, टावर झूला, टोरा-टोरा, ड्रैगन झूला, जलपरी सहित बच्चों और बड़ों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा मेले में खिलौने, खाने-पीने की वस्तुएं, चूड़ी, खाजा समेत विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई जा रही हैं। जन्माष्टमी मेले में चक्रधरपुर शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। लोग मेले में खरीदारी करने के साथ झूलों और अन्य मनोरंजन के साधनों का आनंद उठाते हैं।
जर्जर सड़क में लोगों को होगी परेशानी
चक्रधरपुर की पोर्टरखोली सड़क पूरी तरह से जर्जर हो गई हैं। जबकि इसी जर्जर सड़क के किनारे जन्माष्टमी मेला का आयोजन किया जा रहा हैं। जहां मेला में अगर लोग सावधानी से नहीं चले तो दुर्घटना होने की संभावना बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भरने के साथ सड़क पर पानी का बहाव भी शुरू हो जाता है। ऐसे में मेला के दौरान बारिश होने पर लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है और फिसलकर गिरने की आशंका भी बनी रहेगी।


