Chakradharpur News: बंदगांव में ठोस कचरा प्रबंधन पर कार्यशाला
Chakradharpur News: बंदगांव प्रखंड में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत ठोस कचरा प्रबंधन पर एक दिवसीय कार्यशाला हुई। इसमें घरों और हाट-बाजारों से नियमित कचरा संग्रहण, सफाई और सरकारी योजनाओं के समन्वय पर चर्चा की गई। ग्रामसभा में ग्रामीणों की सहमति से स्वच्छता शुल्क तय करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसका उद्देश्य प्रभावी कचरा प्रबंधन और स्वच्छ मॉडल गांव विकसित करना है।

Chakradharpur News: बंदगांव, संवाददाता। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और ठोस कचरे के उचित प्रबंधन को लेकर बंदगांव प्रखंड में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर से कचरा संग्रहण, हाट-बाजारों की नियमित सफाई और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को सुचारू बनाने पर चर्चा हुई। साथ ही, विभिन्न सरकारी योजनाओं के समन्वय से स्वच्छ एवं स्वस्थ मॉडल गांव विकसित करने पर जोर दिया गया। कार्यशाला में यूनिसेफ सपोर्ट टीम-आईडीएफ के रिसोर्स पर्सन ने पीपीटी के माध्यम से ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों और उनके क्रियान्वयन की जानकारी दी।
इस दौरान 16वें वित्त आयोग के टाइड फंड के उपयोग तथा पंचायती राज, वीबी-जी राम जी और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के बीच समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई। मुखिया और जल सहिया दीदियों के उत्कृष्ट कार्यों के उदाहरण भी साझा किए गए। जिला समन्वयक (एसएलडब्यूएम) ने नमस्ते योजना की जानकारी दी।ग्रामसभा में तय होगा स्वच्छता शुल्क : कार्यशाला के बाद जिला समन्वयक, मुखिया, पंचायत सचिव, जल सहिया दीदियों और प्रखंड स्तरीय कर्मियों की बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि ग्रामीण हाट-बाजारों और घरों से निकलने वाले ठोस कचरे के नियमित संग्रहण तथा साफ-सफाई की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके लिए मुखिया की अध्यक्षता में ग्रामसभा आयोजित कर ग्रामीणों की सहमति से स्वच्छता शुल्क निर्धारित करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। शुल्क से मिलने वाले संसाधनों का उपयोग स्वच्छता व्यवस्था के संचालन और रखरखाव में मददगार होगा। कार्यशाला में विभागों के बीच समन्वय, जनभागीदारी और स्वच्छता नियमों के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाकर स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण मॉडल गांवों का निर्माण करना है।

