Chakradharpur News: सड़क पर असहाय वृद्ध महिला को देख एसीजीएम ने अस्पताल पहुंचाया
Chakradharpur News: चक्रधरपुर में एसीजीएम कृष्णा लोहरा ने सड़क पर चलने में असमर्थ वृद्ध महिला की सहायता की। उन्होंने महिला को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाने के लिए अपने अंगरक्षक और पीएलवी को निर्देश दिया। अस्पताल में उन्होंने उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक इलाज को सुनिश्चित किया। उन्होंने अन्य जरूरतमंदों की मदद के लिए भी अपील की।
Chakradharpur News: चक्रधरपुर। चक्रधरपुर की सड़क पर चलने में असमर्थ एक वृद्ध महिला को रेंगकर सड़क पार करते देख एसीजीएम कृष्णा लोहरा ने उसकी मदद के लिए पहल की। महिला को देखकर उन्होंने अपने अंगरक्षक जमबीरा बागे और पीएलवी मंजू वोईपाई को तत्काल उसे अनुमंडल अस्पताल पहुंचाने का निर्देश दिया।अंगरक्षक और पीएलवी ने महिला को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जे.जे. मुंडू की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। महिला को अस्पताल पहुंचाने के बाद एसीजीएम स्वयं भी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सक से उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसी दौरान एसीजीएम की नजर अस्पताल में मौजूद एक अन्य असहाय वृद्ध व्यक्ति पर पड़ी।
उन्होंने उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली और स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसे वृद्धाश्रम पहुंचाने की पहल करने की बात कही।एसीजीएम कृष्णा लोहरा ने लोगों से अपील की कि आसपास किसी असहाय, वृद्ध या जरूरतमंद व्यक्ति के दिखाई देने पर उसकी अनदेखी न करें और सहायता के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि पीएलवी जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए लगातार सक्रिय हैं।

