
डालसा ने नशे के दुष्परिणामों से कराया अवगत
चाईबासा में 5 जनवरी से शुरू हुए नशे के खिलाफ अभियान का समापन मंगलवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के साथ हुआ। इस दौरान कई स्कूलों और महाविद्यालयों में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि प्रधान न्यायाधीश और जिला न्यायाधीश उपस्थित थे, जिन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
चाईबासा,संवाददाता। नालसा दिल्ली एवं झालसा रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए चाईबासा मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में विगत 5 जनवरी से शुरू हुए नशे के विरुद्ध अभियान के 7वें दिन मंगलवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान प्राधिकार के द्वारा कई स्कूलों के विद्यालयों, महाविद्यालयों, संस्थाओं और संगठनों में कई तरह के जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महाविद्यालय और विद्यालयों में आयोजित हुए निबंध और क्विज प्रतियोगिता में सफल हुए प्रतिभागियों के बीच पुरस्कारों का वितरण किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय सूर्य भूषण ओझा एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम विनोद कुमार सिंह उपस्थितथे।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया और अपने कीमती जीवन और समय को सकारात्मक और क्रियात्मक कार्यों में लगाने के लिए प्रेरित किया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अक्षत श्रीवास्तव, सचिव डीएलएसए रवि चौधरी, अवर न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी एंजेलिना नीलम मड़की, न्यायिक दंडाधिकारी सह प्रभारी पूजा पांडे भी उपस्थित थे। इस दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय पश्चिमी सिंहभूम, महिला कॉलेज, टाटा कॉलेज, जीसी जैन कॉमर्स कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं और शिक्षकगण टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रशिक्षक व निदेशक शंखनील बसु, शिक्षक रोशनी झा, राजीव कुमार, विक्रम कुमार गुरुपदो दास सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे। इसी क्रम में प्राधिकार के द्वारा नशे के विरुद्ध लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्थानीय बस स्टैंड चौक पर एक नुक्कड़ नाटक इप्टा संस्था में सम्मिलित टीम के द्वारा किया गया और लोगों को इसके दुष्परिणामों से परिचित कराया गया और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया, इस कार्यक्रम में इप्टा के अध्यक्ष केशर परवेज, शीतल सुगंधिनी बागे एवं अधिकार मित्र सुमन गोप ने मुख्य भूमिका निभाई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




