जंगली हाथियों का तांडव, कई घर क्षतिग्रस्त, फसलें बर्बाद
जगन्नाथपुर प्रखंड में दो जंगली हाथियों ने शुक्रवार रात को उत्पात मचाया। हाथियों ने कई कच्चे घरों को नुकसान पहुंचाया और खेतों में फसलें बर्बाद की। गोरेयाडूबा और तेंतोड़ीपोसी गांवों में चने, अरहर और टमाटर की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुईं। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जंगली हाथियों का तांडव, कई घर क्षतिग्रस्त, फसलें बर्बाद -चने की फसल को हाथियों ने किया बर्बाद जगन्नाथपुर, संवाददाता। जगन्नाथपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों में बीते शुक्रवार देर रात दो जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कहीं कच्चे घरों को नुकसान पहुंचाया गया तो कहीं खेतों में लगी तैयार फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पट्टाजैंत पंचायत के गोरेयाडूबा गांव में हाथियों ने गुरुचरण चातोम्बा और टूमकुई पूर्ती के घरों को तोड़ दिया। इसके बाद हाथी विचलित करते हुए तोडांगहातू पंचायत अंतर्गत तेंतोड़ीपोसी गांव पहुंच गए।
जहां खेतों में जमकर उत्पात मचाया। राजू हेम्ब्रम के एक एकड़ में लगे चने की फसल को हाथियों ने खाकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया। वहीं गौरी शंकर हाईबुरु के 50 डिसमिल में लगी चने की फसल भी तहस-नहस हो गई। मनोज हाईबुरु की अरहर की फसल को भी हाथियों ने रौंद डाला। यही नहीं, रसीला कांडेयांग के टमाटर के पौधों को नुकसान पहुंचाते हुए हाथी पेलोंग गागराई के आलू बगान में घुस गए और आलू को पैरों से कुरेदकर खा गए। ग्रामीणों के अनुसार लगभग तीन बजे हाथी वापस दीदीबुरु जंगल की ओर लौट गए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



