Chaibasa News: सड़क नहीं बनी तो चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
Chaibasa News: मझगांव के बड़ा बेलमा गांव में 80 परिवारों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क न बनने पर पंचायत और लोकसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे। डीएमएफटी फंड से स्वीकृत सड़क निर्माण की अनियमितताओं की जांच की मांग की गई है।
Chaibasa News: मझगांव। सोनापोस पंचायत के बड़ा बेलमा गांव के जेराईसाई और चातारसाई टोला के करीब 80 परिवारों ने सोमवार को बैठक कर सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी। ग्रामीणों ने कहा कि गांव तक सड़क नहीं बनी तो आगामी पंचायत, लोकसभा और विधानसभा चुनाव में सामूहिक मतदान बहिष्कार करेंगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डीएमएफटी फंड से केशना से बेलमा जेराईसाई तक 1 करोड़ 16 लाख 85 हजार 614 रुपये की लागत से पीसीसी सड़क स्वीकृत हुई थी, लेकिन निर्माण दूसरे छोर पर करा दिया गया। सड़क नहीं होने से मरीजों और गर्भवती महिलाओं को करीब दो किलोमीटर तक चारपाई पर ले जाना पड़ता है।
बारिश में बच्चों का स्कूल जाना भी मुश्किल होता है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब दस माह पहले चंदा और श्रमदान से रास्ता तैयार किया था। उन्होंने सड़क निर्माण में अनियमितता और बनी सड़क की गुणवत्ता की जांच की मांग डीसी से की है। अधिकारियों ने मामले की जांच कराने की बात कही है।


