बायोमेट्रिक प्रणाली का विरोध, प्रबंधन को सौंपा मांग पत्र, आंदोलन की चेतावनी
सशक्त संयुक्त मोर्चा यूनियन गुवा ने सेल के मुख्य महाप्रबंधक को मांग पत्र सौंपकर 15 जून 2026 से बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू करने का विरोध किया है। यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान किए बिना ऐसा कदम उठाना असंवेदनशील है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन किया जाएगा।

गुवा, संवाददाता। सशक्त संयुक्त मोर्चा यूनियन गुवा ने सेल के मुख्य महाप्रबंधक को एक मांग पत्र सौंपकर 15 जून 2026 से सभी नियमित कर्मचारियों के लिए प्रस्तावित बायोमेट्रिक अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने के फैसले का कड़ा विरोध जताया है। यूनियन ने कहा कि कर्मचारियों और श्रमिकों से जुड़ी वर्षों से लंबित महत्वपूर्ण समस्याओं का समाधान किए बिना बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करना एकतरफा और असंवेदनशील निर्णय है। यूनियन ने मांग पत्र में कहा कि खदान कर्मचारियों के 39 माह का लंबित एरियर अब तक भुगतान नहीं किया गया है, जबकि वेतन पुनरीक्षण (वेज रिवीजन) से संबंधित एमओयू भी लंबे समय से अधर में लटका हुआ है।
इसके अलावा खदान क्षेत्रों में स्टील प्लांटों के समकक्ष चिकित्सा, शिक्षा, आवास, खेलकूद और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया और बायोमेट्रिक प्रणाली को एकतरफा लागू करने का प्रयास हुआ, तो कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं वैधानिक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। इस अवसर पर सशक्त संयुक्त मोर्चा के घटक संगठनों भारतीय मजदूर संघ, क्रांतिकारी इस्पात मजदूर संघ, झारखंड मजदूर यूनियन और सीटू के पदाधिकारी उपस्थित थे। इनमें हेमराज सोनार, बृजभूषण लाल, समीर पाठक, लाल बाबू गोस्वामी, राकेश सुंडी, रमेश गोप सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


