
हृदय गति रुकने से एएसआई का निधन, पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी
चाईबासा के सिंदरी गाँव निवासी 53 वर्षीय सहायक उपनिरीक्षक महानायक तियु का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार थे और अपने गाँव लौट आए थे। उनकी मौत की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस विभाग ने उन्हें सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी।
चाईबासा। मुफस्सिल थाना अंतर्गत सिंदरी गाँव निवासी 53 वर्षीय सहायक उपनिरीक्षक (ASI) महानायक तियु का हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) से निधन हो गया। वे चाईबासा पुलिस लाइन में पदस्थापित थे। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई तियु पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। तबीयत बिगड़ने के कारण वे अपने गाँव सिंदरी चले गए थे, जहाँ गुरुवार की रात अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनका निधन हो गया। घटना की सूचना शुक्रवार (02 जनवरी 2026) को मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सिंदरी गाँव पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया।
इस दुखद समाचार को पाकर बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान सदर अस्पताल पहुँचे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को चाईबासा पुलिस लाइन ले जाया गया, जहाँ पुलिस विभाग की ओर से उन्हें पूरे सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। सलामी के पश्चात शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गाँव सिंदरी भेज दिया गया। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस महकमे और गाँव में शोक की लहर है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




