सारंडा में तेज बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित, सड़कों पर बिछी सफेद चादर

Mar 16, 2026 11:28 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, चाईबासा
share

गुवा के सारंडा क्षेत्र में 15 मार्च की रात अचानक मौसम ने लोगों को चौंका दिया। तेज बारिश और ओलावृष्टि ने किरीबुरू और मेघाहातुबुरू में जनजीवन को प्रभावित किया। ओलों की अधिकता से बर्फ की परत जैसी स्थिति बन गई, जिससे फसलों और घरों को नुकसान हुआ। हालांकि बारिश ने जंगलों में आग को बुझाने में मदद की।

सारंडा में तेज बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित, सड़कों पर बिछी सफेद चादर

गुवा । सारंडा के पहाड़ी क्षेत्र में शनिवार 15 मार्च की रात अचानक बदले मौसम ने लोगों को हैरान कर दिया। रात करीब 8 बजे से शुरू हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने किरीबुरू और मेघाहातुबुरू शहर में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। करीब 20 मिनट तक लगातार हुई ओलावृष्टि के कारण शहर के कई इलाकों में सड़कों, मैदानों और खुले स्थानों पर बर्फ की परत जैसी स्थिति बन गई। ओलों की इतनी अधिक मात्रा थी कि कुछ देर के लिए पूरा इलाका सफेद चादर से ढका हुआ नजर आने लगा। लगातार गिरते ओलों के कारण शहर के चारों ओर सड़कों, मैदानों और घरों के आसपास बर्फ के टुकड़े बिखरे पड़े रहे।

ओलों की मार से पेड़-पौधों के पत्ते झड़ गए और कई स्थानों पर छोटे पौधों को भी नुकसान पहुंचा। तेज ओलावृष्टि की वजह से वाहनों, घरों की एस्बेस्टस शीट और खुले में बंधे पशुओं को भी क्षति पहुंचने की सूचना है। वहीं तेज बारिश के कारण कई घरों की छतों से पानी रिसकर अंदर घुस गया, जिससे लोगों के बिस्तर, कपड़े और घरेलू सामान भी भीगकर खराब हो गए। अचानक आई इस मौसम की मार से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा असर फलदार पेड़ों पर पड़ा है। आम और लीची के पेड़ों में इस समय आए टिकोला और मंजर ओलों की मार से बड़ी मात्रा में गिर गए। इससे स्थानीय किसानों और घरों में लगे फलों के पेड़ों को काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इस तेज बारिश से एक राहत की खबर भी सामने आई है। पिछले कुछ दिनों से सारंडा के जंगलों में कई जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आ रही थीं। इस वर्षा ने जंगलों में लगी आग को काफी हद तक शांत करने में मदद की है, जिससे वन क्षेत्र को राहत मिली है। ओलावृष्टि और तेज बारिश के दौरान किसी भी संभावित दुर्घटना से बचने के लिए शहर की बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए बंद कर दी गई थी। बाद में मौसम सामान्य होने के बाद बिजली व्यवस्था को बहाल कर दिया गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।