
ग्राम पंचायत पांगा में प्रसव पूर्व जांच केंद्र की शुरुआत
चाईबासा के मंझारी प्रखंड में ग्राम पंचायत पांगा में गर्भवती महिलाओं के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा शुरू की गई है। अब जांच कार्यक्रम पंचायत के मुख्य केंद्र पर होगा, जिससे महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं उनके गांव में ही मिलेंगी। पहले दिन 16 महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई।
चाईबासा, संवाददाता। मंझारी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पांगा में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पंचायत क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा उनके ही गांव में उपलब्ध कराने के लिए दिसंबर 2025 से प्रसव पूर्व जांच कार्यक्रम का संचालन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मंझारी के स्थान पर अब पंचायत के मुख्य केंद्र पुराना पंचायत भवन रांकुई में शुरू हुई। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाओं को उनकी दहलीज पर पहुंचाना है, ताकि हर माह शत प्रतिशत महिलाओं की निगरानी और देखभाल सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम का उद्घाटन ग्राम पंचायत पांगा के मुखिया की अनुपस्थिति में उपमुखिया द्वारा फीता काटकर किया गया। पहले दिन शिविर में 16 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान रक्तचाप, वजन, हीमोग्लोबिन, यूरिन जांच, टीकाकरण की स्थिति सहित अन्य महत्वपूर्ण मापदंडों का परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं को पोषण, आयरन-फोलिक एसिड सेवन, प्रसव पूर्व सावधानियों तथा संस्थागत प्रसव के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। उद्घाटन कार्यक्रम में वार्ड सदस्य बबलू तामसोय, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी जानकी पूर्ति, सीएचओ सरोज सुरीन, स्वास्थ्य कर्मी गांगा एवं एएनएम उपस्थित रहे। मुखिया हरिन तामसोय ने कहा ग्राम पंचायत पांगा में एएनसी जांच केंद्र की शुरुआत हमारे ग्रामीण स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। गर्भवती महिलाओं को अब जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। हमारी कोशिश है कि पंचायत स्तर पर हर परिवार को सरल और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो। आने वाले समय में हम मातृ-शिशु स्वास्थ्य को लेकर और भी कदम उठाएंगे। पंचायत समिति सदस्य खेमकरण बिरुवा ने कहा स्वास्थ्य सेवाओं को पंचायत तक लाना ग्रामीण विकास की मूलभूत आवश्यकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




