
केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण का कार्य 31 मई तक
चाईबासा में राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। उपायुक्त चन्दन कुमार ने 35519 लाभार्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी दी। यह कार्यक्रम 20 से 31 मई 2026 तक पंचायतवार संचालित होगा और लाभार्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
चाईबासा, संवाददाता। राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण के लिए धारकों के उन्मूखीकरण कार्यक्रम बुधवार को हुआ। उपायुक्त चन्दन कुमार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्र प्रायोजित योजनाओं, इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी विधवा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी दिव्यांग पेंशन योजना एवं राष्ट्रीय परिवार हित लाभ कार्यक्रम योजना अंतर्गत जिले के कुल 35519 व्यक्तियों का सामाजिक अंकेक्षण के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया। साथ ही उपस्थित सभी पदाधिकारियों को सामाजिक अंकेक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए कहा गया। इस दौरान बताया गया कि जिला अंतर्गत सामाजिक अंकेक्षण का कार्यक्रम सभी प्रखंडों में पंचायतवार 20 से 31 मई 2026 तक संचालित होगा।

इसमें केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के लाभुकों के भौतिक सत्यापन एवं लाभुकों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। सामाजिक अंकेक्षण के ग्राम सभा, लाभुक सभा, वार्ड सभा के उपरांत प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई होगी। प्रत्येक स्तर की जनसुनवाई के उपरांत कृत कार्रवाई प्रतिवेदन की समीक्षा की जाएगी और फिर प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई में मुद्दों को आगे जिला स्तर या राज्य स्तर पर जनसुनवाई को अग्रसारित किया जाएगा। इस दौरान सामाजिक अंकेक्षण की जिला स्तरीय टीम द्वारा अनुरोध किया गया कि प्रखंड में अंकेक्षण कैलेंडर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। जिला कार्यालय द्वारा प्राप्त एनएसएपी स्लिप को भरवाया जाए, ताकि पंचायतवार निर्धारित सामाजिक अंकेक्षण की तिथि को संबंधित लाभुक आवश्यक दस्तावेजों, जैसे- आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, राशनकार्ड आदि की मूल प्रति के साथ उपस्थित हो सके। उनके पेंशन स्वीकृति के आलोक में जांच की जा सके। समाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य सभी लाभुकों के भौतिक सत्यापन के साथ-साथ अयोग्य, मृत एवं पलायन कर गए लाभुकों की पहचान करना भी है। कार्यक्रम में सहायक निदेशक-सामाजिक सुरक्षा कोषांग खुशेन्द्र सोनकेसरी , सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी- सदर एवं चक्रधरपुर और झारखंड सोशल आडिट टीम की तरफ से जिला संसाधन व्यक्ति जग नारायण जगत एवं उनकी टीम, सभी प्रखंडों के पंचायत सेवक एवं सामाजिक सुरक्षा ऑपरेटर उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


