
क्रिकेट : ब्लास्टर्स ने फाइटर्स को हराया
सिंहभूम ब्लास्टर्स ने शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी के दम पर सिंहभूम फाइटर्स को 7 विकेट से हराया। दिव्यांश यादव ने 13 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि गगन विक्रांत टोपनो ने नाबाद 37 रन बनाकर टीम की जीत सुनिश्चित की। फाइटर्स की टीम 80 रन पर आल आउट हुई।
चाईबासा, संवाददाता। दिव्यांश यादव (13/3) की शानदार गेंदबाजी एवं गगन विक्रांत टोपनो की बेहतरीन बल्लेबाजी (नाबाद 37 रन) की बदौलत सिंहभूम ब्लास्टर्स ने सिंहभूम फाइटर्स को एक आसान मुकाबले में सात विकेट से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में सुशील कुमार सिंघानिया द्वारा प्रायोजित नथमल सिंघानिया जिला अंडर -16 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत बुधवार को खेले गए तीसरे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिंहभूम फाईटर्स की पूरी टीम 17.5 ओवर में मात्र 80 रन बनाकर आल आउट हो गई। फाईटर्स की ओर से चंदन प्रसाद ने सात चौके की सहायता से 34 तथा सौम्यदीप राठौड़ ने 12 रन बनाए।
अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। सिंहभूम ब्लास्टर्स की ओर से दिव्यांश यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 13 रन देकर शीर्ष के तीन बल्लेबाजों को पैविलियन का रास्ता दिखाया। दूसरे छोर से रौशन सिंह यादव ने 18 रन देकर तीन तथा कृष्णा महतो ने भी 19 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिंहभूम ब्लास्टर्स की टीम ने 11.3 ओवर में मात्र तीन विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। गगन विक्रांत टोपनो ने शानदार बल्लेबाजी का परिचय देते हुए पाँच चौके एवं दो छक्के की मदद से 37 रन बनाए और अंत तक आउट नहीं हुआ। विकेटकीपर बल्लेबाज इशु सिंह भी एक चौका की सहायता से नाबाद 10 रन बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फाईटर्स की ओर से सुरज महतो ने 23 रन देकर दो तथा चंदन प्रसाद ने 22 रन देकर एक विकेट हासिल किए। मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव अनूप बर्मन ने सिंहभूम ब्लास्टर्स के दिव्यांश यादव को उसकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन आफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया। गुरुवार को नव वर्ष के अवसर पर विश्राम का दिन है। 2 जनवरी को इस प्रतियोगिता का अगला मैच सिंहभूम फाईटर्स और सिंहभूम टर्मिनेटर्स के बीच खेला जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




