Chaibasa News: टॉउन क्लब ने एनसीसी को हराया
Chaibasa News: चाईबासा में खेले गए एस आर रूंगटा बी-डिविजन लीग मुकाबले में टाउन क्लब चाईबासा ने नेशनल क्रिकेट क्लब, बड़ा जामदा को चार विकेट से हराया। बड़ा जामदा ने 30 ओवर में 269 रन बनाए, जिसमें प्रवीण साहनी ने 136 और ऋषि राज सिंह ने 75 रन जोड़े। जवाब में कप्तान सिद्धार्थ अग्रवाल के 117 और प्रणय कुमार के 46 रनों की मदद से टाउन क्लब ने 21.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

Chaibasa News: चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे एस आर रूंगटा बी-डिविजन लीग के अंतर्गत गुरुवार को खेले गए मैच में टॉउन क्लब, चाईबासा ने सिद्धार्थ अग्रवाल की शानदार शतकीय पारी की बदौलत नेशनल क्रिकेट क्लब , बड़ा जामदा को एक आसान मुकाबले में चार विकेट से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नेशनल क्रिकेट क्लब बड़ा जामदा की टीम ने निर्धारित तीस ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 269 रनों का स्कोर खड़ा किया। पारी की शुरुआत करने आए प्रवीण साहनी ने तेरह चौके एवं नौ छक्के की मदद से 136 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली।
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ऋषि राज सिंह ने भी आठ चौके एवं दो छक्के की सहायता से 75 रन बनाए जबकि प्रगति कुमार ने 25 रनों की पारी खेली। टॉउन क्लब चाईबासा की ओर से कृपा सिंधु चंदन ने 45 रन देकर तीन तथा ओम प्रकाश महतो ने बिना कोई रन दिए दो विकेट हासिल किए। पारस नंदी को एक सफलता हाथ लगी।जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी टॉउन क्लब की टीम ने मात्र 21.3 ओवर में 271 रन ठोक कर मैच अपने नाम कर लिया हलांकि इस प्रयास में उन्होंने अपने छः विकेट भी गंवाए। पारी की शुरुआत करने आए कप्तान सिद्धार्थ अग्रवाल ने मात्र 62 गेंदों पर चौदह चौके एवं सात छक्के की मदद से 117 रन ठोक कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दूसरे सलामी बल्लेबाज प्रणय कुमार ने भी तीन चौके एवं चार छक्के की सहायता से 46 रन बनाकर सिद्धार्थ का अच्छा साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर पहले विकेट के लिए मात्र 9.3 ओवर में 118 रन ठोक कर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए थे। प्रणय के आउट होने के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कृपा सिंधु चंदन ने भी सात चौके एवं एक छक्का की सहायता से 41 रनों की पारी खेली और दूसरे विकेट के लिए कप्तान के साथ मिलकर 123 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाकर जीत की पटकथा लिख दी। 241 रन के स्कोर पर टॉउन क्लब का दूसरा विकेट कप्तान सिद्धार्थ अग्रवाल के रूप में गिरा परंतु तब तक काफी देर हो चुकी थी। हलांकि एन सी सी जामदा के गेंदबाजों ने बाद के चार विकेट जल्द ही गिरा दिए परंतु रन कम शेष होने के कारण टॉउन क्लब ने ये मैच आसानी से अपने नाम कर लिया। नेशनल क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए मोहित चौधरी एवं आयुष आर्या को दो-दो विकेट प्राप्त किए जबकि कप्तान यशस्वी गौतम एवं शौर्य सिंह को एक-एक सफलता हाथ लगी। इस प्रतियोगिता में शुक्रवार को रायवल क्लब गुवा का मुकाबला चक्रधरपुर के शाह स्पोर्ट्स अकादमी से होगा।

