चाईबासा व चक्रधरपुर के पीएचईडी के ईई को शो कॉज, एक दिन का वेतन कटेगा
पायुक्त चन्दन कुमार ने निर्देश दिया है कि वर्ष 2026 में जिले में अवस्थित सभी आंगनबाड़ी केंद्र का अपना भवन हो। कोई भी आंगनबाड़ी केंद्र किराए के भवन में

चाईबासा, संवाददाता। उपायुक्त चन्दन कुमार ने निर्देश दिया है कि वर्ष 2026 में जिले में अवस्थित सभी आंगनबाड़ी केंद्र का अपना भवन हो। कोई भी आंगनबाड़ी केंद्र किराए के भवन में संचालित नहीं हो, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मनरेगा अंतर्गत वैसे आंगनबाड़ी केंद्र, जिसमें अभी तक किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है, उन सभी की सूची तैयार करते हुए कार्यालय को वापस समर्पित किया जाए। उपायुक्त ने गुरुवार को जिला समाज कल्याण कार्यालय के माध्यम से क्रियान्वित योजनाओं एवं कार्यक्रमों से संबंधित समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त के द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र भवन में पेयजल, शौचालय, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, विद्युत कनेक्शन आधारित प्रतिवेदन की समीक्षा के क्रम में जिले के दोनों पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, चाईबासा और चक्रधरपुर के कार्यपालक अभियंता को बिना किसी सूचना के बैठक में अनुपस्थित रहने के वजह से शो कॉज और एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा मार्च महीने में 20 दिनों से कम संचालित होने वाले 157 आंगनबाड़ी केंद्र के संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को भी शो कॉज करने का निर्देश दिया।जिला समाहरणालय स्थित सभागार में हुई बैठक में उपायुक्त के द्वारा जिले में मनरेगा अभिसरण अंतर्गत 151 आंगनवाड़ी केंद्र भवन निर्माण एवं समाज कल्याण विभाग के माध्यम से 106 आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण से संबंधित प्रतिवेदन का अवलोकन किया गया। इसमें बताया गया कि मनरेगा अंतर्गत 96 आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण पूरा हो गया है तथा विभाग के माध्यम से स्वीकृत व भवन प्रमंडल-चाईबासा के द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान उपायुक्त के द्वारा शिक्षा विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के समन्वय से क्रियान्वित आंगनबाड़ी केंद्र एवं विद्यालय को-लोकेशन आधारित प्रतिवेदन का भी समीक्षा किया गया।समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिला अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों में कुल 12 सेविका एवं 20 सहायिका के पद रिक्त हैं। जिस पर उपायुक्त के द्वारा निर्देश दिया गया कि वैसे आंगनबाड़ी केंद्र, जहां सेविका/सहायिका निकट भविष्य में सेवानिवृत हो रहे हैं अथवा यह दोनों पद खाली हैं, उन सभी स्थानों पर नियमानुसार नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ किया जाए, साथ ही यह ध्यान देना है कि फर्जी दस्तावेज के आधार पर कोई भी नियुक्ति न हो। बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल, अभियंता भवन प्रमंडल, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, कनीय अभियंता और सभी महिला पर्यवेक्षिका उपस्थित थीं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


