Chaibasa News: किरीबुरू : गाड़ा हाटिंग बस्ती में 300 परिवार को जलसंकट
Chaibasa News: गुवा के किरीबुरू थाना क्षेत्र की गाड़ा हाटिंग बस्ती में 300 परिवारों के लिए केवल एक पानी सप्लाई पाइपलाइन है, जो प्रतिदिन मात्र 2 घंटे जलापूर्ति करती है। इस स्थिति के कारण ग्रामीणों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग प्रशासन और सेल प्रबंधन से अतिरिक्त जलापूर्ति की मांग कर रहे हैं।

Chaibasa News: गुवा। किरीबुरू थाना क्षेत्र की गाड़ा हाटिंग बस्ती में पेयजल संकट गंभीर होता जा रहा है। बस्ती में लगभग 300 परिवार निवास करते हैं, लेकिन उनके लिए सेल प्रबंधन द्वारा केवल एक ही पानी सप्लाई पाइपलाइन की व्यवस्था की गई है। इस पाइपलाइन से प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक मात्र दो घंटे ही जलापूर्ति होती है, जिससे सभी परिवारों की जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है। पानी भरने के दौरान महिलाओं ने बताया कि सीमित समय तक जलापूर्ति होने के कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। कई परिवारों को रोजाना पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और बस्ती में हाहाकार जैसी स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से सेल प्रबंधन से एक अतिरिक्त पानी सप्लाई पाइपलाइन की मांग कर रहे हैं, ताकि सभी परिवारों को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके। हालांकि, अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने प्रशासन को भी कई बार आवेदन देकर पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने सेल प्रबंधन और जिला प्रशासन से जल्द से जल्द अतिरिक्त जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बस्ती की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।


