देश की प्रगति में सहभागी बने : मंत्री

Jan 28, 2026 02:47 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, चाईबासा
share Share
Follow Us on

चाईबासा में 77वें गणतंत्र दिवस पर मंत्री दीपक बिरुवा ने ध्वज फहराया। समारोह में मार्च पास्ट और झांकी प्रस्तुतियाँ हुईं। एनसीसी टाटा कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वीर नारी सम्मान के तहत अमर सैनिकों के परिवारों का सम्मान किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए खिलाड़ियों और विभागों को भी सम्मानित किया गया।

देश की प्रगति में सहभागी बने : मंत्री

चाईबासा, संवाददाता। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस केंद्र चाईबासा में आयोजित राजकीय समारोह में मंत्री दीपक बिरुवा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मौके पर मंत्री बिरुवा ने कहा कि हम सभी का यह दायित्व है कि हम सब अपने महापुरुषों के जीवन मूल्यों को पहचाने और उनके द्वारा दिखलाए गए मार्ग में चलते हुए देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने में सहभागी बने। समारोह में शामिल 10 प्लाटून एवं बैंड पार्टी द्वारा शानदार मार्च पास्ट का आयोजन और अलग-अलग विभागों के द्वारा पृथक-पृथक थीम पर आधारित 17 मनमोहक झांकियों की भी प्रस्तुति की गई। मार्च पास्ट में एनसीसी टाटा कॉलेज प्रथम : समारोह में मार्च पास्ट के लिए प्रथम स्थान एनसीसी टाटा कॉलेज, द्वितीय स्थान सहायक महिला पुलिस बल एवं तृतीय स्थान केंद्रीय रिजर्व बल को मिला।

इन्हें उत्कृष्ट मार्च पास्ट को सम्मानित किया गया। इसके अलावा झांकी प्रस्तुति में प्रथम स्थान समाज कल्याण विभाग, द्वितीय स्थान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग एवं तृतीय स्थान स्वास्थ्य विभाग की झांकी को मिला। दिया गया वीर नारी सम्मान : समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा देश रक्षा के लिए संचालित ऑपरेशन पराक्रम में अतुलनीय धैर्य एवं साहस का परिचय देते हुए वीरगति प्राप्त करने वाले अमर सैनिकों के परिवारों को वीर नारी के रूप में सम्मानित किया गया। इसके अलावा समारोह में सड़क सुरक्षा के संदर्भ में जागरूकता, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को मदद पहुंचाने वाले, स्वच्छ आंगनबाड़ी केंद्र, स्वच्छ थाना एवं परिसर, दुर्गम क्षेत्रों में टीकाकरण एवं विभिन्न स्तर पर खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिला के खिलाड़ियों को भी मुख्य अतिथि के द्वारा सम्मानित किया गया। इन्होंने ने भी किया झंडोत्तोलन : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त चंदन कुमार द्वारा उपायुक्त गोपनीय कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया गया, तत्पश्चात चाईबासा जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों, समाहरणालय कर्मियों की मौजूदगी में समाहरणालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय परिसर में पुलिस उप महानिरीक्षक कोल्हान रेंज अनुरंजन किस्पोट्टा के द्वारा झंडोत्तोलन किया गया। उप जनसंपर्क निदेशक, कोल्हान प्रमंडल ईशा खंडेलवाल के द्वारा सूचना भवन परिसर में झंडोत्तोलन किया गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;