मार्च के अंतिम सप्ताह में राहुल गांधी आएंगे चाईबासा
राहुल गांधी 22 मार्च को चाईबासा आएंगे। यहां वह झारखंड और ओडिशा के कांग्रेस जिलाध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे और पार्टी की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 55 जिलाध्यक्ष शामिल होंगे।

चाईबासा, संवाददता। लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 22 मार्च के बाद चाईबासा आएंगे। यहां वह झारखंड और ओडिशा के कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे। चाईबासा के लुपुंगुटू टीआरटीसी गुईरा में 22 से 31 मार्च तक झारखंड और ओडिशा के कांग्रेस जिलाध्यक्षों के लिए दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें एक दिन राहुल गांधी शामिल होकर नेताओं को मार्गदर्शन देंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान गांधी जिलाध्यक्षों के साथ विशेष बैठक करेंगे। इस दौरान वे पार्टी की विचारधारा, संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की आधिकारिक जानकारी पत्र द्वारा पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस के अध्यक्ष रंजन बोयपाई को दी है। उन्होंने बताया कि झारखंड और ओडिशा के सभी जिलाध्यक्ष इस प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे और संगठनात्मक विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए पश्चिम सिंहभूम जिला के कांग्रेस के अध्यक्ष रंजन बोईपाई ने कहा कि 22 से 31 मार्च तक झारखंड और ओडिशा के 55 जिला अध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम चाईबासा में रखा गया है। इसमें झारखंड के 25 जिलाध्यक्ष और ओडिशा के 30 जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कांग्रेस के प्रवक्ता त्रिशानु राय ने बताया कि इसको लेकर सिर्फ पश्चिमी सिंहभूम ही नहीं बल्कि पूरे राज्य के कांग्रेसजनों में काफी उत्साह है। इसको लेकर तैयारी की जा रही है। संभवतः एक दिन प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी रात्रि में चाईबासा में ही रुकेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


