उपायुक्त के खिलाफ मानकी मुंडा संघ ने निकाली आक्रोश रैली
पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार की कार्यशैली से नाराज मानकी, मुंडा और डाकुवा ने चाईबासा में आक्रोश रैली निकाली। इसमें हजारों लोग शामिल हुए और उपायुक्त को हटाने की मांग की। उन्होंने कई मुद्दों...

चाईबासा, संवाददाता। पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार की कार्यशैली से नाराज कोल्हान पोड़ाहाट के मानकी मुंडा एवं डाकुवा ने मंगलवार को चाईबासा में आक्रोश रैली निकाली। ताम्बो चौक से सात किलोमीटर पैदल चल कर आयुक्त कार्यालय पहुंचे। वहां आयुक्त के प्रभारी सचिव अजय कुमार साव को एक तीन सूत्री मांग पत्र सौंपा। आक्रोश रैली मे हजारों की संख्या मे मानकी, मुंडा, डाकुवा, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पूर्व विधायक,जिला परिषद सदस्य और छात्र नौजवान शामिल थे। ये सभी उपायुक्त को जिले से हटाने की मांग कर रहे थे। आक्रोश रैली मे शामिल लोग हाथों में तख्तियां लिए हुए थे। ये है मांग : मानकी मुंडा व्यवस्था से छेड़छाड़ न हो, वंशावली सत्यापित करने से वंचित न किया जाए, विल्किन्सन नियम से छेड़छाड न हो, उपायुक्त पर न्याय संगत कार्यवाही हो, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी का तबादला तुरंत हो, स्थायी कोल्हान अधीक्षक का पदस्थापन हो, रिंग रोड को लेकर बुलाई गई ग्राम सभा रद्द हो, जिला में शिक्षक नियुक्ति रद्द हो, जिले में बाहरी लोगों की नियुक्ति पर पूर्णत: रोक लगे, ईचा खरकई डैम रद्द हो, रिंग रोड का निर्माण रोका जाए और विकास के नाम पर आदिवासियों का विस्थापन न हो।
इस आक्रोश रैली में 10 हजार से अधिक लोग हाथों में मांग की तख्ती और बैनर लेकर चल रहे थे। साथ ही कई लोगों के हाथों में आदिवासी परंपारिक हथियार भी थे। रैली खूंटकट्टी मैदान (उपायुक्त कार्यालय के पास)से शुरू होकर तांबो चौक, टुंगरी, पोस्ट ऑफिस चौक, सदर थाना, शहीद पार्क, एसोसिएशन मैदान एवं बड़ी बाजार होते हुए आयुक्त कार्यालय के पास पहुंच कर समाप्त हुई। ये संगठन थे आक्रोश रैली में शामिल : मानकी-मुंडा संघ कोल्हान पोडाहाट के केन्द्रीय समिति सहित तीनो जिला समिति, सभी अनुमंडल समिति, अचंल समिति एवं आदिवासी हो समाज युवा महासभा, आदिवासी हो समाज महासभा, आदिवासी हो समाज सेवानिवृत संगठन, आदिवासी हो समाज महिला महासभा, जिले के कई गांव के ग्राम सभा-हातुदुनुब, टाटा कॉलेज छात्र संगठन, आदिवासी यंगस्टर यूनिटि कोल्हान, कोल्हान छात्र संघर्ष समिति, पुर्नथान अभियान, खूटकाटी रैयती समिति, सहित कई समाजिक एवं अन्य विभिन्न संगठन। ज्ञापन सौंपने के दौरान ये रहे मौजूद : मानकी मुंडा संघ के केन्द्रीय अध्यक्ष गणेश पाठ पिंगुवा, महासचिव चंदन होनहागा, उपाध्यक्ष कालीचरण बिरूवा, मोरन सिंह तामसोय,अंतू हेंब्रम, सोमनाथ सिंकू, सनातन सिद्दू, कृष्णा सामड, पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा, इपिल सामड, गब्बर सिंह हेंब्रम, चंद्र मोहन बिरुवा, रियांस समड, सुरेश चन्द्र सोय, सुषमा देवगम, बलभद्र सवैया, रोशन पुर्ती, रायमुल बानरा, शांति सिद्धू,सन्नी सिंकु, कोलंबस हंसदा, राजकमल पाठ पिंगुवा, पातोर जोंकों, तुराम चाकी, ग्लैडसन डुंगडुंग, सुरेश महतो, विकास केराई, नारायण सिंह पूर्ति, बसंत तांती, विजय तिग्गा, विशाल गुड़िया, प्रदीप कुमार महतो, जिला परिषद सदस्य माधव चंद्र कुंकल, शत्रुघ्न कुंकल, संजय बिरुली, केदार नाथ कालुंडिया, मुंडा गोविंद पूर्ति, सुमंत ज्योति सिंकु,अमृत माझी,मंगल सरदार, मनोज सोय समेत अन्य। किसी भी मानकी-मुंडा को नहीं हटाया गया: डीसी पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार ने बताया कि किसी भी मानकी-मुंडा को नहीं हटाया गया। वंशावली निर्गत करने का अधिकार पूर्व की भांति मुंडा और मानकी के पास ही है और रहेगा। यदि किसी कारणवश मुंडा अनुपस्थित हैं या उनका निधन हो जाता है, तो मानकी वंशावली निर्गत करेंगे। दोनों की अनुपस्थिति की स्थिति में परंपरागत विकल्पों के तहत प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही किसी मानकी-मुंडा के विरुद्ध प्राप्त शिकायत पर केवल कोल्हान अधीक्षक और मुंडा-मानकी न्याय पंच की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




