नोवामुंडी कॉलेज की एनएसएस इकाई ने सत्संग विहार मंदिर, बोकना में चलाया स्वच्छता अभियान
नोवामुंडी कॉलेज में एनएसएस इकाई ने सत्संग विहार मंदिर में स्वच्छता अभियान चलाया। 26 स्वयंसेवकों ने दो घंटे तक मंदिर परिसर की सफाई की। प्राचार्य ने छात्रों को समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। मंदिर के ऋत्विक ने छात्रों के प्रयास की सराहना की, यह दर्शाते हुए कि स्वच्छता हमारी जिम्मेदारी है।

नोवामुंडी। नोवामुंडी कॉलेज में प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास के निर्देश पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से बड़ाजामदा-गुवा मुख्य मार्ग स्थित सत्संग विहार मंदिर, बोकना में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान की अगुवाई एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार सिंह एवं शिक्षक भवानी कुमारी ने किया। 26 स्वयंसेवक मंदिर परिसर में समूह बनाकर मंदिर परिसर, मुख्य द्वार, परिक्रमा पथ तथा सड़क किनारे फैले कचरे की सफाई की। लगभग दो घंटे तक चले इस अभियान में प्लास्टिक बोतलें, पॉलीथिन, सूखे पत्ते एवं अन्य कचरे को एकत्र कर मंदिर परिसर से बाहर किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य ने मंदिर जाने से पूर्व छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल मंत्र समाज और राष्ट्र की सेवा करना है।
सत्संग विहार मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि हजारों लोगों की आस्था का केंद्र है। इसकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। मंदिर के ऋत्विक अमरनाथ ठाकुर ने कॉलेज के छात्रों एवं शिक्षकों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि आज के युवाओं को मंदिर में श्रमदान करते देख मन अत्यंत प्रसन्न हुआ। स्वच्छ स्थान पर ही देवता वास करते हैं। कॉलेज के इन छात्रों ने सच्ची सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। मौके पर सत्संग विहार मंदिर कमेटी की ओर से शशिभूषण ठाकुर, मंदिर के पुजारी कीर्ति सुन्दर चक्रवर्ती, केयर टेकर सीताराम सिंकू एवं सेवा सहायक शिवशंकर गोप उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


