Chaibasa News: कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र शुरू
Chaibasa News: चाईबासा के श्री श्री बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में नवरात्रि के प्रथम दिन अभिजीत मुहूर्त में घट स्थापना की गई और अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई। सिद्धेश्वरी माता का शृंगार कर श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। गुवा के रामनगर दुर्गा पूजा पंडाल में भी कलश स्थापना के साथ पूजा शुरू हुई। महिलाओं ने मां शैलपुत्री की आराधना की। नौ दिनों तक व्रत, पूजा और कन्या पूजन का आयोजन होगा।

Chaibasa News: चाईबासा, गुवा, हिटी। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री श्री बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर चाईबासा में नवरात्रि के प्रथम दिन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुआ। मंदिर के मुख्य पुजारी प्रभाकर तिवारी एवं उनके पुत्र शुभम तिवारी द्वारा अभिजीत मुहूर्त में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ घट स्थापना की गई। इस पावन अवसर पर दीप प्रज्वलित कर नौ दिनों तक अखंड ज्योत प्रज्वलित रखने का शुभारंभ किया गया। नवरात्रि के प्रथम दिन मंदिर में सिद्धेश्वरी माता का अद्भुत एवं दिव्य शृंगार किया गया। माता को नवीन वस्त्र अर्पित किए गए तथा पारंपरिक सोलह शृंगार से सुशोभित किया गया। माता का मनमोहक एवं अलौकिक स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भक्तों ने माता के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक शीश नवाया तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की। नवरात्रि के प्रथम दिन घट स्थापना, पूजा-अर्चना और अखंड ज्योत प्रज्वलन के साथ मंदिर में आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मां भगवती के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं कल्याण के लिए प्रार्थना की।
गुवा के रामनगर में कलश स्थापना
गुवा रामनगर दुर्गा पूजा पंडाल में कलश स्थापना के साथ नवरात्र शुरू
गुवा के रामनगर स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में रविवार को नवरात्र के प्रथम दिन कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना शुरू हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने कलश स्थापित कर मां दुर्गा की आराधना की। सुबह 11 बजे मंदिर के पुजारी मलय पाणिग्राही ने पूरे विधि-विधान के साथ कलश स्थापना कराई। इसके बाद नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। कलश स्थापना को लेकर रामनगर स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा। महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा में भाग लिया। वहीं, कई महिलाओं ने अपने-अपने घरों में भी कलश स्थापना कर नवरात्र की पूजा शुरू की।
नौ दिनों तक व्रत और पूजा-अर्चना
नवरात्र के दौरान महिलाएं नौ दिनों तक व्रत रखकर मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना करेंगी। व्रत रखने वाली महिलाएं दिन में एक समय फलाहार ग्रहण कर मां की आराधना करेंगी। नवरात्र के प्रत्येक दिन मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। नवरात्र के नौवें दिन कन्या पूजन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान नौ कन्याओं को चुनरी ओढ़ाकर उनकी पूजा की जाएगी और उन्हें भोजन कराया जाएगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार, कन्या पूजन नवरात्र पूजा का महत्वपूर्ण अंग है। रामनगर दुर्गा पूजा पंडाल में कलश स्थापना के साथ ही नौ दिनों तक चलने वाली पूजा-अर्चना का शुभारंभ हो गया है।

