जोड़ा तालाब हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
जगन्नाथपुर के परसमाई गांव में 15 फरवरी को तालाब से बरामद शव की पहचान बैशाखु ग्वाला के रूप में हुई। उसकी पत्नी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। मृतक को उसके दोस्तों ने माघ पर्व मनाने के बहाने बुलाया, जहां विवाद के बाद उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया। दोनों आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
जगन्नाथपुर। हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के परसमाई गांव स्थित जोड़ा तालाब से 15 फरवरी की सुबह बरामद शव मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस संबंध में हाटगम्हरिया थाना कांड संख्या 05/26 दिनांक 15.02.2026, धारा 103(1)/238/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।मृतक की पहचान भुइयांसाई गांव निवासी बैशाखु ग्वाला (पिता– बिंदु ग्वाला) के रूप में हुई थी। मृतक की पत्नी के फर्दबयान पर हत्या कर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव तालाब में फेंके जाने का मामला दर्ज किया गया था।पुलिस अधीक्षक चाईबासा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगन्नाथपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई।
अनुसंधान के क्रम में खुलासा हुआ कि 14/15 फरवरी की रात मृतक को उसके दो मित्रों ने माघ पर्व मनाने के बहाने घर से बुलाया था। मृतक अपने दोस्तों पराय बोदरा उर्फ डुंगडु बोदरा और राम गागराई उर्फ बोतलराम गागराई के साथ पर्व मनाने गया था, जहां तीनों ने हड़िया का सेवन किया।नशे की हालत में किसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। बताया गया कि मृतक द्वारा पराय बोदरा को थप्पड़ मारने के बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। झाड़ी में पटकने से मृतक के गले के पास गंभीर चोट लगी और बाद में गला दबाने से उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने शव को जोड़ा तालाब में फेंक दिया।पुलिस की सख्त पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद हाटगम्हरिया पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।छापामारी दल में थाना प्रभारी हाटगम्हरिया सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


