Chaibasa News: नोवामुंडी में बंद मकान का ताला तोड़ 60 हजार की चोरी
Chaibasa News: नोवामुंडी में बंद मकान का ताला तोड़कर नाबालिगों ने करीब 60 हजार रुपये नकद और सिक्के चुरा लिए। मकान मालिक परिवार सहित इलाज के लिए जमशेदपुर गया हुआ था। चोरी का खुलासा तब हुआ, जब एक लड़के ने स्थानीय होटल में 500 रुपये का नोट दिया। पूछताछ में उसने छह साथियों के साथ वारदात करना स्वीकार किया और करीब 15 हजार रुपये लौटाए।

Chaibasa News: नोवामुंडी, संवाददाता। नोवामुंडी की डीबीसी मुख्य सड़क किनारे में बंद मकान को निशाना बनाकर नाबालिगों ने करीब 60 हजार रुपये की चोरी कर ली। सोमवार देर शाम हरेंद्र शर्मा के मकान में घुसे आरोपियों ने लोहे की छड़ से दरवाजे का ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और अलमारी समेत अन्य जगहों पर रखे नकदी रुपये व सिक्के लेकर फरार हो गए। मामले में बुधवार को एक लड़के के पकड़े जाने के बाद चोरी की घटना का खुलासा हुआ। पूछताछ में उसने छह साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। मकान मालिक हरेंद्र शर्मा ने बताया कि सोमवार को वह परिवार के साथ मकान में ताला बंद कर इलाज कराने जमशेदपुर गए थे।
रात करीब नौ बजे घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। कमरे में प्रवेश करने पर चोरी का पता चला। चोर शादी के कार्ड में रखे सात हजार रुपये, अलमारी से करीब 40 हजार रुपये और मिट्टी के गुल्लक में जमा लगभग 13 हजार रुपये के सिक्के ले गए थे। चोरों ने गुल्लक को स्नानघर के पास तोड़कर सिक्के एक थैले में भरे और फरार हो गए।घटना की सूचना मिलने पर नोवामुंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इधर, बुधवार सुबह चोरी का सुराग उस समय मिला, जब एक लड़के ने चंदन प्रसाद के जलपान होटल से नाश्ते का सामान खरीदने के बाद दुकानदार को 500 रुपये का नोट दिया। नोट को लेकर संदेह होने पर होटल संचालक ने हरेंद्र शर्मा को सूचना दी। इसके बाद लड़के से पूछताछ की गई, जिसमें चोरी से जुड़ी जानकारी सामने आई। बताया गया कि पकड़े गए लड़के ने अपने पास रखे करीब 15 हजार रुपये के नोट और सिक्के लौटा दिए। पूछताछ में उसने छह साथियों ने मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की।

