एमसीसी को पराजित कर लार्सन क्लब फाइनल में
चाईबासा में एसआर रूंगटा ए-डिवीजन लीग के अंतिम मैच में लार्सन क्लब ने मिडिलसेक्स क्रिकेट क्लब को 135 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई। लार्सन ने 280 रन बनाकर, मिडिलसेक्स को 145 रनों पर आलアウト किया। फाइनल मैच 27 दिसंबर को खेला जाएगा, जिसमें पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन होगा।

चाईबासा, संवाददाता। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे एसआर रूंगटा ए-डिवीजन लीग के अंतिम लीग मैच में लार्सन क्लब चाईबासा ने मिडिलसेक्स क्रिकेट क्लब चाईबासा को 135 रनों के अंतर से पराजित कर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। अब फाइनल मैच में लार्सन क्लब का मुकाबला यंग झारखंड क्रिकेट क्लब चाईबासा से शनिवार को होगा। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लार्सन क्लब ने निर्धारित पैंतीस ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 280 रनों का स्कोर खड़ा किया। पारी की शुरुआत करने आए जन्मजय सिंह यादव ने अठारह चौके एवं दो छक्के की सहायता से 137 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए हिमांशु पांडेय ने भी दो चौके एवं तीन छक्के की मदद से 45 रन, दूसरे उद्घाटक बल्लेबाज देवांश शुक्ला ने 35 रन तथा अक्षत पटेल ने नाबाद 23 रनों का योगदान दिया। एम सी सी की ओर से गेंदबाजी करते हुए आदित्य पुष्कर ने 45 रन देकर दो तथा अजीत कुमार सिंह ने 56 रन देकर दो विकेट हासिल किए। तन्मय तंतुबाई को एक सफलता हाथ लगी। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी मिडिलसेक्स क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 23.1 ओवर में मात्र 145 पर सिमट गई। इस टीम की ओर से अरविंद कुमार ने 40, आदित्य पुष्कर ने 28, तन्मय तंतुबाई ने 24 तथा कुमार करण ने 23 रन बनाए। लार्सन क्लब की ओर से सचिन भाटी ने 46 रन देकर तीन विकेट, विनय यादव ने 26 रन देकर दो विकेट तथा फैजानुल रहमान ने 34 रन देकर दो विकेट हासिल किए। जन्मजय सिंह यादव एवं सत्यम सिंह को एक-एक सफलता हाथ लगी। फाइनल मैच 27 को : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता का फाइनल मैच स्वर्गीय सीता राम रूंगटा जी की जयंती के अवसर पर 27 दिसंबर को खेला जाएगा। पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार बतौर मुख्य अतिथि जबकि उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे। लाई जा रही है सैयद मुश्ताक अली ट्राफी : जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि ने उसी दिन ईशान किशन की कप्तानी में झारखण्ड सीनीयर टीम द्वारा जीते गए सैयद मुश्ताक अली ट्राफी भी जमशेदपुर से चाईबासा लाया जा रहा है, ताकि पुरस्कार वितरण समारोह में यहां के खिलाड़ी एवं क्रिकेट प्रेमी उसका अवलोकन कर सकें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




