बकाया भुगतान को लेकर मजदूरों का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू
गुवा के विजय टू खदान के लगभग 150 मजदूरों ने 17 अगस्त से बंद खदान के सामने अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है। मजदूरों का आरोप है कि वेंडर कंपनी ने जानबूझकर उनका बकाया भुगतान रोका है। आंदोलन का समर्थन झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के अध्यक्ष रामा पाण्डे ने किया है। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि पहले पैसा, फिर बात।

गुवा । गुवा क्षेत्र स्थित विजय टू खदान से जुड़े मजदूरों का गुस्सा अब सड़क पर खुलकर सामने आ गया है। 17 अगस्त से बंद पड़ी खदान में कार्यरत लगभग 150 मजदूरों को अबतक न तो उनकी ग्रेच्युटी मिली है और न ही फाइनल भुगतान। लंबे समय से टालमटोल का सामना कर रहे मजदूरों ने सोमवार से बंद खदान की सड़क पर बैठकर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया। मजदूरों का आरोप है कि वेंडर कंपनी कमला इंटरप्राइजेज ने जानबूझकर उनके बकाया भुगतान को रोके रखा है। उनका कहना है कि खदान बंद होने के तुरंत बाद फाइनल सेटलमेंट किया जाना चाहिए था, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी उन्हें उनका हक नहीं मिला।
मामला पहले ही एएलसी कोर्ट, चाईबासा पहुंच चुका था, जहां 20 फरवरी तक भुगतान करने का आश्वासन दिया गया था। मजदूरों का आरोप है कि यह वादा भी झूठ साबित हुआ। इसी धोखे से नाराज होकर उन्होंने आंदोलन का रास्ता अपनाया। आंदोलन को झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पाण्डे का भी समर्थन मिला है। आंदोलन स्थल पर पहुंचकर उन्होंने कहा कि यह मजदूरों के साथ खुला धोखा है और यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन जिला से लेकर राज्य स्तर तक ले जाया जाएगा। विजय टू खदान बंद होने के बाद मजदूर परिवार आर्थिक संकट में हैं। बच्चों की फीस, घर का राशन और इलाज तक प्रभावित हो चुका है। मजदूरों ने स्पष्ट चेतावनी दी है पहले पैसा, फिर बात।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


