देश में बढ़ती महंगाई व केंद्र की गलत नीतियों के खिलाफ झामुमो ने दिया धरना
झामुमो ने केंद्र सरकार की गलत नीतियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। चाईबासा और सरायकेला में आयोजित धरने में नेताओं ने महंगाई के कारण आम जनता की परेशानियों पर प्रकाश डाला। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद ईंधन के दाम कम नहीं हो रहे हैं, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
चाईबासा, सरायकेला, संवाददाता। केंद्र की भाजपा सरकार की गलत नीति व बढ़ती महंगाई के खिलाफ झामुमो ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को कोल्हान के जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन कर जनविरोधी सरकार करार दिया। चाईबासा में धरना का नेतृत्व जिलाध्यक्ष सोनाराम देवगम व सरायकेला में डॉ. सुवेंदु महतो कर रहे थे।
धरने का संबोधन
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की गलत नीतियों से देश में बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। वहीं, खाद्य पदार्थों से लेकर रोजमर्रा की जरूरत की चीजों तक की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालात यह हैं कि आम आदमी का मासिक बजट पूरी तरह से बिगड़ चुका है। अब बचत करना तो दूर, गुजारा करना भी चुनौती बन गया है।
ईंधन की कीमतों पर प्रभाव
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, फिर कम नहीं हो रही कीमत : कहा, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में ईंधन के दाम कम नहीं हो रहे हैं। बाजार में सब्जियों, दालों और खाद्य तेलों की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। परिवहन महंगा होने से हर वस्तु की कीमत बढ़ रही है, जिसका सीधा असर उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। छोटे दुकानदार और व्यवसायी भी इस स्थिति से परेशान हैं, क्योंकि बिक्री में गिरावट आ रही है और मुनाफा कम होता जा रहा है।
धरना में शामिल नेता
धरना में ये थे शामिल : चाईबासा में पुराना उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन में जिला सचिव राहुल आदित्य, प्रवक्ता बुधराम लागुरी, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, केशर परवेज, राजाराम गुप्ता और सरायकेला समाहरणालय के समक्ष धरना में झामुमो नेता सह नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी, भोला महांती, गणेश चौधरी, अमृत महतो, विशु हेम्ब्रम, सुधीर महतो, प्रियंका महतो, उमेश भल, तपन कामिला, देवनाथ सिंह सरदार, बासुदेव महतो, गुरुचरण मुखी समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


