
पीठ पीछे वार करने वालों को जनता सबक सिखाएगी : मिथिलेश
झारखंड के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने घाटशिला उपचुनाव में झामुमो की जीत का दावा किया। उन्होंने भाजपा नेता चम्पाई सोरेन पर झामुमो के खिलाफ साजिश करने का आरोप लगाया। ठाकुर ने कहा कि जनता ऐसे...
चाईबासा,संवाददाता। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने जहां घाटशिला उपचुनाव में झामुमो की जीत का दावा किया है, वहीं उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चम्पाई सोरेन पर झामुमो की पीठ पीछे वार का आरोप लगाते हुए कहा है कि जनता उन्हें सबक सिखाएगी। ठाकुर ने गुरुवार को चाईबासा में प्रेसवार्ता में यह बातें कहीं। ठाकुर झामुमो के स्टार प्रचारक भी हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन जेल में थे, तब चम्पाई सोरेन ने झामुमो को तोड़कर भाजपा में विलय की बड़ी साजिश रची थी।

पूर्व मंत्री ठाकुर ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि घाटशिला उपचुनाव में पीठ पीछे वार करने वालों को जनता सबक सिखाएगी। दिशोम गुरु शिबू सोरेन और झारखंड आंदोलनकारी स्व रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए, स्व. सोरेन के सपनों को साकार करने के लिए जनता झामुमो को वोट देगी। पीठ पीछे वार करने वाले लोगों का चरित्र पूरी झारखंड की जनता के सामने उजागर हो चुका है और घाटशिला विधानसभा क्षेत्र की जनता ऐसे लोगों को उपचुनाव में सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि चंपाई सोरेन को झामुमो ने जो सम्मान दिया वह उन्होंने सपनों में भी नहीं सोचा होगा। झामुमो नीति सिद्धांत पर चलने वाली पार्टी वहीं, बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन में शामिल झामुमो को एक भी सीट नहीं मिलने की बाबत पूछे जाने पर ठाकुर ने कहा कि झामुमो नीति सिद्धांत पर चलने वाली पार्टी है। झामुमो के नेतृत्व में लगातार दूसरी बार झारखंड में सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि झामुमो ने हमेशा से गठबंधन धर्म का पालन किया है, लेकिन हमारे साथियों ने हमें मुगालते में रखकर जो आचरण किया है, उसकी समीक्षा हमारे केंद्रीय अध्यक्ष और पार्टी के लोग करेंगे। कोई ठोस परिणाम सामने आएगा। मौके पर चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव, पश्चिमी सिंहभूम जिला झामुमो के अध्यक्ष सोनाराम देवगम, इकबाल अहमद आदि भी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




