सरकारी कार्यालयों में की गई है शीतल पेयजल की व्यवस्था
झारखंड राज्य के चाईबासा में बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए, जिला प्रशासन ने सभी कार्यालयों में आम जनों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की है। उपायुक्त मनीष कुमार ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त रखने और खराब चापाकल की मरम्मत कराने का निर्देश दिया है।
चाईबासा। झारखंड राज्य में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए जिला के सभी कार्यालयों, यथा- प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय एवं मुख्यालय में अवस्थित सभी कार्यालयों में आम जनों के लिए घड़े में शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है। भीषण गर्मी के इस दौर में जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ पेयजल की सुलभता हेतु निरंतर प्रयासरत है। इसके अलावा उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले के दोनों चाईबासा व चक्रधरपुर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था को दुरुस्त रखने और बंद और खराब चापाकल की मरम्मत सुनिश्चित कराने को कहा है।
शहरी क्षेत्र में आवश्यकतानुसार पानी टैंकर के माध्यम से भी जलापूर्ति करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का सभी सरकारी कार्यालयों के बाहर आम जनों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश के आलोक में उपायुक्त मनीष कुमार के मार्गदर्शन में यह व्यवस्था की गई है ।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


