स्टेट क्वारेंटाइन केंद्रों में दिया जा रहा इम्यूनिटी बूस्टर
कोरोना के संकट काल में जिले के प्रवासी श्रमिकों को सरकार के निर्देश के अनुसार क्वारेंटाइन किया जाना है। इस क्रम में स्टेट क्वारेंटाइन केंद्रों में रहने वाले प्रवासी श्रमिकों को ससमय गुणवत्तापूर्ण...

कोरोना के संकट काल में जिले के प्रवासी श्रमिकों को सरकार के निर्देश के अनुसार क्वारेंटाइन किया जाना है। इस क्रम में स्टेट क्वारेंटाइन केंद्रों में रहने वाले प्रवासी श्रमिकों को ससमय गुणवत्तापूर्ण नाश्ता व भोजन आदि की व्यवस्था पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त अरवा राजकमल के निर्देश पर की जा रही है। उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन की देख-रेख में जिले में स्टेट क्वारेंटिंन केंद्रों में रहने वाले इन प्रवासी श्रमिकों के रहने और भोजन के बेहतर प्रबंध किए गए हैं। तय किया गया है कि सुबह 7 से 9 बजे के बीच सुबह का नाश्ता दिया जाएगा, जिसमें फ्राइड राइस, करी अथवा मेन्यू में शामिल अन्य नाश्ते के साथ दो केले एवं एक उबला अंडा अनिवार्य रूप से दिया जाएगा। दोपहर के भोजन में दाल-भात और हरी सब्जी दोपहर 12 से 2 के बीच परोसी जाएगी।
इम्यूनिटी बूस्टर काढ़ा भी मिलेगा : शाम 4 से 5 बजे के बीच क्वारेंटाइन सेंटर में रहने वाले सभी प्रवासी भाई-बहनों को आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित विधि के अनुसार आयुर्वेद इम्यूनिटी बूस्टर अर्थात काढ़ा बिस्कुट के साथ दिया जाएगा। रात्रि 7 से 9 के बीच दाल भात और प्रतिदिन अलग प्रकार की सब्जी के साथ एक अंडा रात्रि के भोजन में दिया जाएगा। सभी केंद्रों में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की जा रही है। खाद्य सामग्री की आपूर्ति कंटेनर में करते हुए पत्ते की थाली एवं कागज की ग्लास का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया है।
