गुवा व बड़ाजामदा में धूमधाम से हुआ होलिका दहन
गुवा और बड़ाजामदा में सोमवार रात 9 बजे होलिका दहन कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। लोग पारंपरिक परिधानों में सजकर आए, पूजा-अर्चना की और अग्नि प्रज्ज्वलित की। महिलाओं ने लोकगीत गाए और बच्चों ने आतिशबाजी का आनंद लिया। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।
गुवा । गुवा व बड़ाजामदा के विभिन्न स्थानों पर सोमवार रात 9 बजे होलिका दहन कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। होलिका दहन को लेकर दोपहर से ही लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बच्चे, युवा एवं महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। गुवा क्षेत्र के कल्याण नगर, विवेक नगर, रेलवे मार्केट, राम नगर, हिरजीहाटिंग, कैलाश नगर एवं बिरसा नगर में सामूहिक रूप से होलिका दहन किया गया। पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका की पूजा कर अग्नि प्रज्ज्वलित की गई। श्रद्धालुओं ने परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कई स्थानों पर महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत गाए और बच्चों ने रंग-बिरंगी आतिशबाजी का आनंद लिया। वहीं बड़ाजामदा क्षेत्र में भी विभिन्न चौक-चौराहों पर होलिका दहन किया गया। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों ने एकजुट होकर बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस पर्व को मनाया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन सतर्क रहा और शांतिपूर्ण माहौल में कार्यक्रम संपन्न हुआ। होलिका दहन के साथ ही लोगों में होली पर्व को लेकर उत्साह और बढ़ गया है। बुधवार को रंगों का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


