Chaibasa News: जोरदार बारिश से नदी-नाले उफान पर, अमला टोला में मिट्टी का मकान ढहा
Chaibasa News: चाईबासा में देर रात हुई जोरदार बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया। बारिश की वजह से अमला टोला रोड पर एक मकान ढह गया, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जलजमाव के कारण यातायात प्रभावित हुआ है और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जलनिकासी की व्यवस्था की माँग की है।
Chaibasa News: चाईबासा। देर रात हुई जोरदार बारिश के कारण चाईबासा शहर के नदी-नाले उफान पर आ गए। लगातार बारिश से कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ। अमला टोला रोड में शनि मंदिर से आगे एक मिट्टी से बना मकान तेज बारिश के कारण पूरी तरह ढह गया। मकान की छत खपरैल की थी। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।बारिश के बाद क्षेत्र की पुलिया में पानी तेज रफ्तार से बह रहा है। आसपास के निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अमला टोला स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास भी भारी जलजमाव हो गया है। पानी भरने के कारण स्कूली बसों को दूसरे मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है।वहीं राजस्थान भवन के समीप भी सड़क पर पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर जलनिकासी की समस्या गंभीर हो गई है। लोगों ने प्रशासन से जलजमाव वाले क्षेत्रों में तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था करने की मांग की है।


