गुवा थाना परिसर में कलश यात्रा के साथ शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा
गुवा थाना परिसर में रविवार को शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा और रुद्र यज्ञ का आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम भव्य कलश यात्रा से शुरू हुआ, जिसमें 108 कन्याओं ने जल भरा। प्रमुख पंडित संजीव मिश्रा की अध्यक्षता में अनुष्ठान हुआ, जिसमें क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और प्रसाद ग्रहण किया।

गुवा, संवाददाता। गुवा थाना परिसर में स्थापित शिव मंदिर में रविवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा एवं रुद्र यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल भव्य कलश यात्रा से हुई। इस दौरान 108 कुंवारी कन्याओं ने कारों नदी से विधिवत जल भरकर कलश यात्रा निकाली। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित कन्याएं जब हर हर महादेव के जयघोष के साथ थाना परिसर पहुंचीं तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में मुख्य पंडित सह आचार्य संजीव मिश्रा (जहानाबाद, बिहार) की अध्यक्षता में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई।
अनुष्ठान में बीएन पाठक (नालंदा, बिहार), विकास मिश्रा (बिलटा, पटना), राहुल पाठक, पंकज मिश्रा तथा गुवा के धर्मशिक्षक आशुतोष शास्त्री ने रुद्र यज्ञ एवं रुद्राभिषेक कराया। पूरे विधि-विधान से भगवान शिव का अभिषेक कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई। इस अवसर पर गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की खुशहाली की प्रार्थना की। यज्ञ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और बारी-बारी से जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, समाजसेवी शत्रुघ्न मिश्रा भी रुद्राभिषेक में शामिल हुए। उन्होंने सभी आमंत्रित पुरोहितों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। आयोजन के उपरांत महाभोग के रूप में खिचड़ी एवं खीर का वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों, पुलिसकर्मियों एवं आयोजन समिति का सराहनीय योगदान रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



