जगन्नाथपुर : विसर्जन शोभायात्रा में जमकर थिरकीं महिलाएं, माता को दी विदाई
जगन्नाथपुर में दुर्गा पूजा का पर्व भव्यता और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला और प्रतिमाओं का विसर्जन बड़े तालाब में धूमधाम से किया। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा,...

जगन्नाथपुर, संवाददाता। जगन्नाथपुर में दुर्गा पूजा का पर्व इस वर्ष भी भव्यता और धार्मिक श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। यहां शुक्रवार को दुर्गा मंदिर एवं राम महावीर मंदिर में स्थापित प्रतिमाओं का विसर्जन नगर के विशाल टोला स्थित बड़ा तालाब में धूमधाम से किया गया। विसर्जन से पूर्व महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला कर मां दुर्गा को विदाई दी। मां पाउड़ी की पूजा के दौरान परंपरागत रूप से बकरे, मुर्गे और बत्तख की बलि भक्तों द्वारा दी गई। शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, भगवान गणेश और भगवान कार्तिक की प्रतिमाओं का भव्य विसर्जन किया।
विसर्जन शोभायात्रा में महिलाओं की बड़ी भागीदारी रही। महिलाएं झूमते-नाचते प्रतिमा के साथ तालाब तक पहुंचीं और ताशा-ढोल एवं डीजे की धुन पर थिरकीं। पूजन-अर्चन का कार्य दिऊरी शिवो नायक, सहायक बुधु नायक, देवेंद्र गोप एवं विजय नायक सहित अन्य पुजारियों द्वारा विधिवत सम्पन्न कराया गया। सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर अंचल अधिकारी मनोज मिश्रा के नेतृत्व में प्रशासन सतर्क दिखा। अष्टमी और नवमी को भी प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न पूजा पंडालों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। प्रतिमा विसर्जन के दौरान पूरा जगन्नाथपुर उत्सवधर्मिता में डूबा रहा। पुरुषों और महिलाओं ने मिलकर हर गली-मोहल्ले में भ्रमण करते हुए देर शाम तालाब में प्रतिमाओं का विसर्जन किया। प्रशासन की कड़ी निगरानी और श्रद्धालुओं की आस्था से दुर्गा पूजा का यह पर्व शांति और हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




